Primary Ka Master Latest Updates👇

Saturday, May 16, 2026

शिक्षकों समेत 85 हजार पदों पर होगी भर्ती, 2.17 लाख शिक्षकों के पद रिक्त, प्रमुख प्रस्तावित भर्तियां, देखें

 शिक्षकों समेत 85 हजार पदों पर होगी भर्ती, 2.17 लाख शिक्षकों के पद रिक्त, प्रमुख प्रस्तावित भर्तियां, देखें



प्रयागराज। प्रदेश में वर्षों बाद बड़े पैमाने पर शिक्षकों समेत अन्य रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) महाविद्यालयों, माध्यमिक विद्यालयों, राजकीय इंटर कॉलेजों और बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में करीब 85 हजार पदों पर भर्ती की तैयारी है।


संबंधित विभागों की ओर से रिक्त पदों का अधियाचन उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग व उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग को भेजा जा रहा है। विभागीय सूत्रों के मुताबिक राजकीय इंटर कॉलेजों के एलटी ग्रेड व प्रवक्ता संवर्ग के 8905 पदों का अधियाचन उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग को भेजा जा चुका है। इन पदों पर भर्ती की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।


वहीं, माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से सहायता प्राप्त विद्यालयों के 4512 स्कूलों में शिक्षकों और प्रधानाचार्यों के 23213 पदों का ऑनलाइन अधियाचन उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को भेज दिया गया है। साथ ही रिक्त पदों के अनुसार ऑनलाइन अधियाचन अपलोड करने की प्रक्रिया भी तेजी से चल रही है।


इसी क्रम में उच्च शिक्षा विभाग में एडेड व राजकीय महाविद्यालयों के करीब 4000 पदों पर भर्ती की तैयारी है। इनमें एडेड कॉलेजों में लगभग 2200 असिस्टेंट प्रोफेसर और 175 प्राचार्य के पद शामिल हैं। इसके अलावा राजकीय डिग्री कॉलेजों में 1553 असिस्टेंट प्रोफेसर, 158 लिपिक व कनिष्ठ सहायक, निदेशालय के 26 लिपिक और कई स्टेनो पदों का अधियाचन भेजा जा चुका है।


प्रदेश में 330 एडेड, 216 राजकीय तथा 21 अल्पसंख्यक डिग्री कॉलेज संचालित हैं। अल्पसंख्यक कॉलेजों के करीब 150 रिक्त पदों का अधियाचन अभी लंबित है। उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. वीपी सिंह ने बताया कि पांच रिक्तियों के अनुसार अधियाचन पोर्टल पर अपलोड किया जा रहा है। इसी तरह अपर शिक्षा निदेशक (राजकीय) अजय द्विवेदी ने बताया कि राजकीय विद्यालयों के 8905 पदों का अधियाचन लोक सेवा आयोग को भेजा जा चुका है। अन्य रिक्त पदों का अधियाचन भी शीघ्र भेजा जाएगा।


2.17 लाख शिक्षकों के पद रिक्त

शिक्षा मंत्रालय की संसदीय समिति की हालिया रिपोर्ट में उत्तर प्रदेश में शिक्षकों के 2.17 लाख पद रिक्त बताए गए हैं। इनमें करीब 1.43 लाख पद प्राथमिक विद्यालयों के हैं। समिति ने रिक्त पदों को समयबद्ध तरीके से भरने की सिफारिश की है।


अशासकीय माध्यमिक विद्यालयों में 24,849 पद रिक्त

अशासकीय माध्यमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक (टीजीटी) व प्रवक्ता (पीजीटी) के 24,849 पद रिक्त हैं। इनमें प्रवक्ता के 4384 पद शामिल हैं। इन पदों पर नियुक्ति की जिम्मेदारी शिक्षा सेवा चयन आयोग के पास है। पीजीटी की परीक्षा आयोग करा चुका है। टीजीटी की परीक्षा जून में है।


प्रमुख प्रस्तावित भर्तियां

उच्च शिक्षा (एडेड एवं राजकीय महाविद्यालय) : करीब 4000 पद

माध्यमिक विद्यालय : 23,213 पद

राजकीय इंटर कॉलेज (एलटी ग्रेड एवं प्रवक्ता) : 8905 पद

बेसिक शिक्षा परिषद नगर क्षेत्र : करीब 15,000 पद

ग्रामीण क्षेत्र (प्रधानाध्यापक एवं सहायक अध्यापक) : 30 हजार पद

बेसिक शिक्षा निदेशालय : 135 स्टेनो, 265 कनिष्ठ लिपिक सहित अन्य पद

अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा 875 पदों के लिए पूर्व में कार्यवाही शुरू

बेसिक शिक्षा के एडेड विद्यालयों में 634 सहायक अध्यापक व 91 प्रधानाध्यापकों की नियुक्ति प्रक्रिया

असिस्टेंट प्रोफेसर के 635 पदों पर भर्ती प्रक्रिया लंबित मामलों के साथ बढ़ाई जा रही आगे

अधिकारियों समेत 1250 अन्य पदों पर भी होगी भर्ती

बेसिक शिक्षा परिषद 15 हजार पदों का अधियाचन भेजा

बेसिक शिक्षा परिषद में भी बड़े पैमाने पर भर्ती की तैयारी है। नगर क्षेत्र के लगभग 15 हजार पदों का अधियाचन शिक्षा सेवा चयन आयोग को शुक्रवार को भेज दिया गया है। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों के 30 हजार प्रधानाध्यापक व सहायक अध्यापक पदों का अधियाचन भेजने की तैयारी है। हालांकि, अभी इसमें हाईकोर्ट के एक आदेश की बाधा है। इसके लिए विधिक राय लेने के बाद ही कुछ निर्णय लिया जा सकेगा। इसके पुष्टि बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव सूरज तिवारी ने की है। उन्होंने कहा कि पदों की संख्या में आंशिक बदलाव संभव है।

शिक्षकों समेत 85 हजार पदों पर होगी भर्ती, 2.17 लाख शिक्षकों के पद रिक्त, प्रमुख प्रस्तावित भर्तियां, देखें Rating: 4.5 Diposkan Oleh: UP UPDATEMART

Social media link