Primary Ka Master Latest Updates👇

Thursday, May 7, 2026

तैयारी: एमपी-एमएलए के साथ आज से शुरू होगी स्वगणना

 तैयारी: एमपी-एमएलए के साथ आज से शुरू होगी स्वगणना

प्रयागराज,। जनगणना 2027 के लिए स्व गणना गुरुवार से शुरू हो जाएगी। 15 दिन तक चलने वाली स्वगणना के लिए जिला प्रशासन ने एक कार्यक्रम तैयार कर लिया है। एक-एक दिन अलग-अलग वर्गों के साथ जाकर उनका आवेदन कराया जाएगा। इसके साथ ही सामान्य नागरिकों से अपील की जाएगी कि वह खुद भी स्वगणना कर अपना फॉर्म जमा करें।



पहले दिन गुरुवार को एमपी-एमएलए, राजस्व, प्रशासनिक दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस दिन सभी विभागाध्यक्षों से अपील की जाएगी कि वो स्वगणना कर अपनी तस्वीरों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा करें। शुक्रवार को स्थानीय प्रशासन या ग्रामीण विकास दिवस के रूप में मनाया जाएगा। महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, पार्षद, प्रधान, बीडीसी आदि से इस दिन आवेदन कराया जाएगा। तीसरे दिन शनिवार को युवा, खेल, सामुदायिक संस्थान व मीडिया दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस दिन क्लब, स्टेडियम, एनसीसी, एनएसएस के साथ सभी मीडिया हाउस से आवेदन कराया जाएगा। रविवार को पद्म पुरस्कार विजेताओं का दिन रखा गया है। इस दिन पुरस्कार विजेताओं, मानिंद नागरिकों, अपार्टमेंट व अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर आवेदन कराया जाएगा।


सोमवार को ज्यूडिशियल दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस दिन न्यायाधीशों, न्यायिक कार्यों में लगे लोगों, बार के सदस्यों से आवेदन करने की अपील की जाएगी। 12 मई को यूनिफॉर्म फोर्स दिवस के रूप में पुलिस, पीएसी आदि से आवेदन कराया जाएगा। 13 मई को केंद्र सरकार अधिकारी दिवस पर बैंक, रेलवे, पोस्ट ऑफिस, कोषागार अन्य संस्थानों से, 14 मई को शिक्षा दिवस पर स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, कोचिंग संस्थान आदि स्थानों पर, 15 मई को स्वास्थ्य दिवस पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, नर्सिंग एसोसिएशन सभी स्वास्थ्य सेवा से जुड़े लोगों से, 16 मई को उद्योग और परिवहन दिवस पर दुकान, मंडी, मॉल्स, सिनेमाघर, परिवहन सेवा से जुड़े लोगों का, 17 मई को महिला एवं स्वयं सहायता समूह दिवस पर उन संस्थानों में जहां महिलाएं नेतृत्व कर रही हैं, स्वयं सहायता समूह, आंगनबाड़ी केंद्रों पर, 18 मई को जनसेवा केंद्र पंचायत भवन आदि में, 19 मई को वर्क फ्रॉम होम करने वालों से और 20 मई को प्राइड दिवस के रूप में मनाया जाएगा। लिव इन में रहने वालों, किन्नरों के बीच अभियान चलाया जाएगा।


मुख्य बिंदु (साइड पैनल):


 * जिला प्रशासन ने जनगणना 2027 के लिए तैयार किया कार्यक्रम


 * अलग-अलग वर्ग की एक-एक दिन कराई जाएगी स्वगणना


ध्यान देने वाली बात:


 * https://se.census.gov.in वेबसाइट पर जाकर करना होगा लॉगिन


 * परिवार के मुखिया और मोबाइल नंबर को सोचकर भरें, बदलना होगा मुश्किल


 * 33 सवालों के जवाब भरने होंगे, अंतिम तौर पर भरने से पहले करें जांच


जिलाधिकारी का संदेश:


"जनगणना 2027 के पहले चरण में स्वगणना गुरुवार से शुरू हो रही है। हम पहले दिन कुछ प्रबुद्धजनों के साथ जाकर उनका फॉर्म भरवाएंगे। हमारी आमजनों से अपील है कि वे खुद भी इस काम में लगें और अपने फॉर्म भरें, जिससे कोई समस्या न हो। ध्यान रहे कि जनगणना का उद्देश्य है कि सही जनसंख्या की जानकारी हो, जिससे पात्रों के लिए बेहतरीन योजनाएं बनाई जा सकें। सभी जनगणना में सहयोग करें। प्रशासनिक अमला आपके साथ है।"


— मनीष कुमार वर्मा, जिलाधिकारी



तैयारी: एमपी-एमएलए के साथ आज से शुरू होगी स्वगणना Rating: 4.5 Diposkan Oleh: UP UPDATEMART

Social media link