नवाबगंज। सोमवार को विद्यालय में किताब न लेकर आने से गुस्सायी शिक्षिका ने एक छात्र को बेरहमी से घूसे और थप्पड़ों से खूब पीटा। बाद में उसने उसके कानों को मरोड़ने के बाद कान पर जोर से थप्पड़ मार दिया। पुलिस ने छात्र को मेडिकल परीक्षण के लिए सीएचसी भेजा है।क्योलड़िया थाना क्षेत्र के सूरजपुर परौरिया गांव के राजेश कुमार कस्बे के बालाजीपुरम में परिवार के साथ रहते हैं। उनका बेटा ध्रुव सिंह विद्यालय में कक्षा पांच का छात्र है। मंगलवार को विद्यालय में क्लास के दौरान शिक्षिका ने उससे कला की किताब मांगी, उसने कहा कि मैम सारी आज किताब लाना भूल गया।
छात्र के पिता का आरोप है कि इससे गुस्साई शिक्षिका ने उनके पुत्र की घूसों और थप्पड़ों से खूब पिटाई की। उसके कान ऐंठते हुए उसके कान पर थप्पड़ मारा। छात्र के कान से खून बहने लगा, सुनाई भी नहीं दे रहा। आरोप है कि इसकी शिकायत जब उन्होंने शिक्षिका से की तो उसने कहा कि अभी तो कम मारा है। अगली बार और बुरी तरह मारुंगी। परेशान छात्र के पिता ने थाना नवाबगंज में तहरीर दी है। पुलिस ने छात्र को मेडिकल परीक्षण के लिए सीएचसी में भेजा है। देर शाम तक दोनों पक्षों के बीच समझौते के प्रयास चल रहे थे। प्रधानाचार्य और प्रबंधक से बात का प्रयास किया लेकिन कई बार फोन करने के बाद भी उनका फोन रिसीव नहीं हुआ। शिक्षिका से सम्पर्क करने का प्रयास किया तो उसके परिजन ने फोन रिसीव कर कहा कि अभी उनसे बात नहीं हो सकती है। इस सम्बंध में आपको जो पूछना है। वह विद्यालय से पूछें।
