Primary Ka Master Latest Updates👇

Thursday, June 4, 2026

एक और पश्चिमी विक्षोभ की दस्तक, पश्चिमी यूपी में आंधी-बारिश के आसार

 एक और पश्चिमी विक्षोभ की दस्तक, पश्चिमी यूपी में आंधी-बारिश के आसार

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मौसम में एक बार फिर बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। चार जून यानी बृहस्पतिवार से प्रदेश में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। इसके प्रभाव से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के करीब 20 जिलों में गरज-चमक के साथ आंधी और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।



मौसम विभाग के अनुसार सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत और मेरठ में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।


पिछले दो दिनों से प्रदेश में तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। बुधवार को करीब 10 जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक रहा। बस्ती 42 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म जिला दर्ज किया गया। इसके अलावा फतेहपुर में 41.6 डिग्री, लखीमपुर खीरी में 41 डिग्री, झांसी में 40.6 डिग्री तथा वाराणसी और प्रयागराज में 40.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।


आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार चार जून से सक्रिय हो रहा पश्चिमी विक्षोभ अपेक्षाकृत कमजोर है, लेकिन इसके प्रभाव से बृहस्पतिवार को पश्चिमी यूपी के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है।


वहीं, पांच और छह जून को इसका असर मध्य और पूर्वी उत्तर प्रदेश तक पहुंचने की संभावना है, जिससे इन क्षेत्रों में भी आंधी और छिटपुट बूंदाबांदी के आसार बन सकते हैं। हालांकि तापमान में बड़ी गिरावट की संभावना फिलहाल नहीं है।


इन जिलों में गरज-चमक व आंधी का येलो अलर्ट

गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, संभल एवं आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक और तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

एक और पश्चिमी विक्षोभ की दस्तक, पश्चिमी यूपी में आंधी-बारिश के आसार Rating: 4.5 Diposkan Oleh: UP UPDATEMART

Social media link