शिक्षक पर छात्रा से अश्लील हरकत करने का लगाया आरोप, निलंबित
बलिया। पंदह ब्लॉक के एक ग्राम पंचायत स्थित प्राथमिक विद्यालय के एक शिक्षक पर छात्रा से अश्लील हरकत करने का आरोप लगाकर मंगलवार की सुबह ग्रामीणों ने विद्यालय परिसर में प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने विरोध में नगरा–सिकंदरपुर मुख्य मार्ग जाम कर दिया। सूचना पर थानाध्यक्ष पकड़ी मिथिलेश कुमार और शिक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। वहीं बीएसए ने आरोपी शिक्षक अक्षय लाल यादव को निलंबित कर दिया। करीब दो घंटे तक जाम के कारण दोनों तरफ वाहनों की कतार लगी रही। वहीं पुलिस ने आरोपी शिक्षक का चालान कर दिया।
ग्रामीणों ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि विद्यालय का सहायक शिक्षक लंबे समय से एक छात्रा के साथ अशोभनीय व्यवहार कर रहा था। इसकी जानकारी विद्यालय के अन्य शिक्षकों और छात्रों को थी। इसके लिए आरोपी शिक्षक को कई बार चेतावनी दी गई, लेकिन सुधार नहीं हुआ।
प्रभारी खंड शिक्षा अधिकारी सुनील चौबे ने बताया कि प्रधानाध्यापक की शिकायत पर सहायक शिक्षक के निलंबन की संस्तुति करते हुए बीएसए को पत्र भेजा है। वहीं बीएसए मनीष कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी शिक्षक अक्षय लाल यादव को निलंबित कर शिक्षा क्षेत्र नवानगर से संबंध किया गया है। मामले की जांच के लिए बीईओ नवानगर पंकज कुमार सिंह को नामित किया गया है। वहीं, थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि अभी तक तहरीर नहीं मिली है। आरोपी शिक्षक पर शांतिभंग की धारा में गिरफ्तार कर चालान कर दिया गया है।

