Primary Ka Master Latest Updates👇

Wednesday, July 29, 2026

शिक्षिका के पीछे पड़ा 'छोटा हाथी' का ड्राइवर, रास्ते में करने लगा अश्लील हरकत, फिर सड़क पर...

 शिक्षिका के पीछे पड़ा 'छोटा हाथी' का ड्राइवर, रास्ते में करने लगा अश्लील हरकत, फिर सड़क पर...

उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक सरकारी स्कूल की शिक्षिका के साथ सड़क पर शर्मनाक घटना सामने आई है। स्कूल से घर लौटते समय रास्ते में 'छोटा हाथी' का एक ड्राइवर शिक्षिका के पीछे पड़ गया। सुनसान रास्ते का फायदा उठाते हुए वह शिक्षिका को देखकर अश्लील इशारे करने लगा। शिक्षिका स्कूटी से घर जा रही थीं। जब उन्होंने ड्राइवर की हरकतों का विरोध किया तो उसने उनका पीछा करना शुरू कर दिया।



करीब ढाई किलोमीटर तक आरोपी लगातार शिक्षिका का पीछा करता रहा। इस दौरान उसने कई बार 'छोटा हाथी' से स्कूटी में टक्कर मारकर उन्हें सड़क पर गिराने की कोशिश की। हालांकि शिक्षिका ने हिम्मत और सूझबूझ का परिचय दिया। उन्होंने अपनी स्कूटी आरोपी के वाहन के सामने खड़ी कर दी। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया।


यह घटना मेरठ-करनाल हाईवे की है। मंगलवार दोपहर हुई इस शर्मनाक वारदात के बाद शिक्षिका ने आरोप लगाया कि ड्राइवर ने न सिर्फ उनके साथ छेड़छाड़ की, बल्कि उन पर हमला करने और नुकसान पहुंचाने की भी कोशिश की। उसकी हरकतों का विरोध करने पर उसने कई बार स्कूटी में टक्कर मारकर उन्हें गिराने का प्रयास किया। शिक्षिका ने पुलिस को आरोपी के खिलाफ लिखित तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


मेरठ के सरधना नगर क्षेत्र की रहने वाली शिक्षिका एक गांव के सरकारी स्कूल में तैनात हैं। उनका कहना है कि मंगलवार दोपहर स्कूल की छुट्टी के बाद वह स्कूटी से अपने घर लौट रही थीं। ईकड़ी चौराहे के पास पीछे से आए 'छोटा हाथी' चालक ने उन्हें देखकर अश्लील इशारे करने शुरू कर दिए। वह लगातार अभद्र हरकतें करता रहा। विरोध करने पर आरोपी ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। खतरे का एहसास होने पर शिक्षिका ने खुद को बचाने का प्रयास किया।


शिक्षिका के अनुसार, ईकड़ी चौराहे से सरधना तक करीब ढाई किलोमीटर तक आरोपी लगातार 'छोटा हाथी' से उनका पीछा करता रहा। सुनसान रास्ते का फायदा उठाते हुए उसने कई बार स्कूटी में टक्कर मारने की कोशिश की, ताकि वह सड़क पर गिर जाएं।


किसी तरह संतुलन बनाए रखते हुए शिक्षिका देवी मंदिर चौराहे तक पहुंचीं। वहां भीड़ देखकर उन्होंने हिम्मत दिखाई और अपनी स्कूटी आरोपी के 'छोटा हाथी' के सामने खड़ी कर दी। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस आरोपी को थाने ले गई। शिक्षिका भी थाने पहुंचीं और उन्होंने अपनी शिकायत दर्ज कराई।

शिक्षिका के पीछे पड़ा 'छोटा हाथी' का ड्राइवर, रास्ते में करने लगा अश्लील हरकत, फिर सड़क पर... Rating: 4.5 Diposkan Oleh: UP UPDATEMART

Social media link