औरंगाबाद में निगरानी का एक्शन: ₹10000 की घूस लेते 'मास्टर साहिब' गिरफ्तार, शिक्षा विभाग में हड़कंप
औरंगाबाद। औरंगाबाद के बारुण प्रखंड मुख्यालय स्थित केशव उच्च विद्यालय में गुरुवार की दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब पटना से आई निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने शारीरिक शिक्षक शशि भूषण को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार, टीम ने शिक्षक को पकड़ने के बाद मौके से ही हिरासत में ले लिया। जानकारी मिली कि शिक्षक किसी अन्य शिक्षक को प्रोन्नति (प्रमोशन) दिलाने के लिए किसी अधिकारी के एजेंट के रूप में रुपये ले रहे थे।
हालांकि, इस संबंध में निगरानी के किसी अधिकारी से आधिकारिक रूप से बात नहीं हो पाई है। जिला शिक्षा पदाधिकारी दयाशंकर सिंह ने बताया कि यह मामला बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित परीक्षा में एक परीक्षार्थी की जगह दूसरे छात्र को बैठाने से जुड़ा है।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, शशि भूषण ने कथित तौर पर एक अभिभावक से 10 हजार रुपये लेकर परीक्षा में दूसरे कैंडिडेट को बैठाने का आश्वासन दिया था। निगरानी टीम ने कार्रवाई के दौरान उनके पास से 10 हजार रुपये बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद निगरानी की टीम शिक्षक को दाउदनगर स्थित एक निजी होटल ले गई, जहां उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। टीम इस पूरे मामले में शामिल अन्य लोगों और संभावित नेटवर्क की जांच कर रही है।
इधर, जिला शिक्षा पदाधिकारी ने बताया कि मामला परीक्षा में गड़बड़ी से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन पूरी सच्चाई जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है और अधिकारी आधिकारिक रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।

