Primary Ka Master Latest Updates👇

Saturday, August 15, 2026

व्हाट्सऐप हैक करने वाले तीन ठग गिरफ्तार, 37.79 लाख की साइबर ठगी का खुलासा

 प्रतापगढ़। पार्सल डिलीवरी के बहाने कॉल फॉरवर्डिंग एक्टिव कर व्हाट्सऐप हैक करने और रुपये उड़ाने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से 3 मोबाइल, 3 सिमकार्ड और 37.79 लाख रुपये की साइबर ठगी से जुड़े साक्ष्य बरामद किए गए हैं।


कॉल फॉरवर्डिंग एक्टिव कर करते थे व्हाट्सऐप हैक

अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार ने बताया कि 27 जुलाई को बिहार के खगड़िया निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि उसके नाम पर फर्जी डिलीवरी के बहाने झांसा देकर ठगों ने कॉल फॉरवर्डिंग एक्टिव करा दी। इसके बाद आरोपियों ने उसके मोबाइल नंबर से जुड़े व्हाट्सऐप को अपने कब्जे में ले लिया।




जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों तक पहुंचकर उन्हें गिरफ्तार किया।


80 शिकायतों से जुड़े 37.79 लाख की ठगी

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी देश के अलग-अलग राज्यों में साइबर ठगी की वारदातों को अंजाम देते थे। उनके खिलाफ 80 साइबर शिकायतें दर्ज मिली हैं, जिनमें करीब 37.79 लाख रुपये की धोखाधड़ी का खुलासा हुआ है।


पुलिस के अनुसार आरोपी पहले लोगों को पार्सल डिलीवरी या अन्य बहाने से फोन करते थे। इसके बाद किसी तरह कॉल फॉरवर्डिंग सक्रिय करा लेते और मोबाइल नंबर पर आने वाली महत्वपूर्ण जानकारी का फायदा उठाकर ठगी करते थे।


रिश्तेदारों और परिचितों को बनाते थे निशाना

पुलिस के मुताबिक व्हाट्सऐप पर कब्जा करने के बाद आरोपी पीड़ित के रिश्तेदारों और परिचितों को मैसेज भेजकर मदद के नाम पर पैसे मांगते थे। बीमारी, दुर्घटना या अस्पताल में भर्ती होने जैसी परिस्थितियों का हवाला देकर रकम ट्रांसफर कराई जाती थी।


पुलिस ने बताया कि इस गिरोह के खिलाफ देश के 15 राज्यों में 80 साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज हैं। जांच में कई अन्य मामलों के भी सामने आने की संभावना है।


पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और साइबर ठगी के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

व्हाट्सऐप हैक करने वाले तीन ठग गिरफ्तार, 37.79 लाख की साइबर ठगी का खुलासा Rating: 4.5 Diposkan Oleh: Primary ka school

Social media link