मौदहा, । अज्ञात चोरों ने एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय चांदीकला में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ने के बाद चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर विद्यालय में रखा एलसीडी, साउंड सिस्टम समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चोरी कर ले गए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।सिसोलर थानाक्षेत्र के चांदीकला ग्राम पंचायत स्थित प्राथमिक विद्यालय में सोमवार देर रात अज्ञात चोरों ने धावा बोल दिया। पहचान छिपाने के लिए चोरों ने सबसे पहले विद्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों को तोड़कर अलग कर दिया। इसके बाद कमरों के ताले तोड़कर विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र परिसर में प्रवेश किया तथा वहां रखे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण अपने साथ ले गए।
मंगलवार सुबह प्रधानाध्यापक प्रदीप मिश्रा विद्यालय पहुंचे तो चोरी की घटना की जानकारी हुई। उन्होंने तत्काल डायल 112 पुलिस को सूचना दी और शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारियों को भी मामले से अवगत कराया।खंड शिक्षा अधिकारी सुशील कमल ने बताया कि घटना की जानकारी प्राप्त हुई है। संबंधित थाने में शिकायत दी जा चुकी है। वहीं ग्राम प्रधान ने भी चोरी की घटना की पुष्टि की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
