मानदेय वृद्धि के लिए सड़क पर उतरीं समूह की महिलाएं
प्रयागराज, । समूह संचालिका का मानदेय दो हजार से बढ़ाकर 20 हजार करने, स्वास्थ्य सुविधा देने, स्मार्ट फोन और गरीब समूह सखियों को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग को लेकर समूह की महिलाओं ने विकास भवन के सामने शुक्रवार को चक्काजाम कर दिया। महिलाओं ने पहले कलक्ट्रेट परिसर में धरना दिया और डीएम कार्यालय के गेट को धक्का देकर खोलने का प्रयास किया।
जिले के सभी ब्लॉकों से बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूह की सखियां कलक्ट्रेट पहुंचीं। डीएम से मिलने की मांग को लेकर नारेबाजी शुरू कर दी। सुरक्षा कारणों से संगम सभागार की ओर जाने वाले गेट को बंद कर दिया गया था। महिलाओं ने धक्का देकर गेट खुलवाने का प्रयास किया। इसी दौरान एडीएम नजूल उधर से गुजर रहे थे तो महिलाओं ने उनका रास्ता रोक लिया जिस पर अधिकारी किनारे से निकल गए। महिलाओं को समझाया गया कि उनकी बात आगे रखी जाएगी, लेकिन वो नहीं मानीं। सभी महिलाएं इसके बाद विकास भवन पहुंच गईं और गेट के सामने चक्काजाम कर दिया। इसके बाद अधिकारियों ने वार्ता के लिए बुलाया और आश्वासन दिया गया कि उनकी मांगों को आगे शासन को भेजा जाएगा जिसके बाद महिलाएं मानीं।
समूह की महिलाएं अपना पक्ष रखने के लिए आई थीं। उनकी मुख्य मांग मानदेय बढ़ाने की थी, जिसे शासन को भेजा जा रहा है। पहचान पत्र देने की बात भी कही थी, वो स्थानीय स्तर से जारी कर दिया जाएगा। -हर्षिका सिंह, सीडीओ

