Primary Ka Master Latest Updates👇

Saturday, September 26, 2026

पूरक परीक्षा-आंतरिक मूल्यांकन से आसान होगी ब्रिज कोर्स की राह, सुप्रीम कोर्ट ने शिक्षकों को एक बार में पाठ्यक्रम पूरा करने का दिया है आदेश

पूरक परीक्षा-आंतरिक मूल्यांकन से आसान होगी ब्रिज कोर्स की राह, सुप्रीम कोर्ट ने शिक्षकों को एक बार में पाठ्यक्रम पूरा करने का दिया है आदेश

राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (एनआईओएस) ने ब्रिज कोर्स में पूरक परीक्षा और आंतरिक मूल्यांकन की व्यवस्था लागू करके देशभर में सेवारत शिक्षकों को बड़ी राहत दी है। सुप्रीम कोर्ट ने 28 जून 2018 से 11 अगस्त 2023 के बीच बीएड के आधार पर प्राथमिक स्कूलों में चयनित सहायक अध्यापकों को एक बार में छह माह का अनिवार्य ब्रिज कोर्स पूरा करने का आदेश दिया है। ऐसे में एनआईओएस की पहल से सेवारत हजारों शिक्षकों की नौकरी पर खतरा लगभग समाप्त हो गया है।




ऑनलाइन माध्यम से ब्रिज कोर्स पूरा होने के बाद परीक्षा अप्रैल में प्रस्तावित है। एनआईओएस ने मुख्य परीक्षा के अलावा पूरक परीक्षा (सप्लीमेंटरी) का भी प्रावधान रखा है ताकि किन्हीं कारणों से परीक्षा में शामिल न होने वाले या असफल शिक्षकों को परीक्षा पास होने का एक और मौका मिल जाएगा। परीक्षा पैटर्न भी शिक्षक हितों को ध्यान में रखते हुए बनाया गया है। कुल 500 अंकों की परीक्षा में 250 अंक आंतरिक मूल्यांकन के लिए निर्धारित हैं जबकि कोर्स होने के बाद प्रस्तावित परीक्षा के लिए 250 अंक तय किए है।




आंतरिक मूल्यांकन में भी 100 अंक विद्यालय अनुभव के लिए हैं, जिसका आकलन पाठ योजना एवं शिक्षण, पोर्टफोलियो, गतिविधियों तथा चिंतनशील डायरी (रिफ्लेक्टिव जर्नल) के आधार पर किया जाएगा। ये काम शिक्षक सालों से कर रहे हैं। कुल 20 क्रेडिट के मूल्यांकन में चार क्रेडिट या 20 प्रतिशत अंक केवल विद्यालय अनुभव के हैं। आंतरिक मूल्यांकन के अंक भी सेवारत विद्यालय के प्रधानाध्यापक या शिक्षा विभाग को देने है, ऐसे में शिक्षकों का नुकसान होने की आशंका न के बराबर है।




प्रायोगिक परीक्षा में उत्तीर्ण होने के लिए न्यूनतम 50 प्रतिशत तथा सैद्धांतिक परीक्षा में 40 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही, सभी परीक्षाओं में कुल मिलाकर (समेकित रूप से) न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक प्राप्त करना आवश्यक होगा। एनआईओएस में सक्षमता निर्माण प्रकोष्ठ के उप निदेशक डॉ. आलोक कुमार गुप्ता ने बताया कि यह पाठ्यक्रम शिक्षकों की व्यावसायिक क्षमता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। औपचारिक अभिमुखीकरण के साथ शुक्रवार को कोर्स शुरू हो गया है। देशभर से 67530 और उत्तर प्रदेश से 34044 शिक्षकों ने इस कोर्स में पंजीकरण कराया है।

पूरक परीक्षा-आंतरिक मूल्यांकन से आसान होगी ब्रिज कोर्स की राह, सुप्रीम कोर्ट ने शिक्षकों को एक बार में पाठ्यक्रम पूरा करने का दिया है आदेश Rating: 4.5 Diposkan Oleh: UP UPDATEMART

Social media link