महाराजगंज (सिवान) :
अनुमंडल पदाधिकारी अनीता सिन्हा ने शुक्रवार को लकड़ी नबीगंज अंचल के राजकीय मध्य विद्यालय किशनपुरा का औचक निरीक्षण किया। पूर्वाह्न 10:13 बजे किए गए निरीक्षण के दौरान कई शिक्षक बिना सूचना के विद्यालय से अनुपस्थित पाए गए। विद्यालय में उनके अवकाश से संबंधित कोई आवेदन भी नहीं मिला। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीओ ने संबंधित शिक्षकों से 24 घंटे के अंदर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है। साथ ही तत्काल प्रभाव से उनका वेतन स्थगित करने का आदेश दिया गया है। एसडीओ की ओर से जारी पत्र के अनुसार रहमतुन नेशा, पूनम कुमारी, निशा कुमारी, उदय कुमार मिश्र, मनीष कुमार तथा संतोष कुमार निरीक्षण के दौरान विद्यालय में अनुपस्थित पाए गए। पत्र में कहा गया है कि बिना सूचना के अनुपस्थित रहना अनुशासनहीनता, मनमानेपन एवं कर्तव्य के प्रति लापरवाही का द्योतक है।
प्रधानाध्यापक से भी मांगा स्पष्टीकरणः
औचक निरीक्षण के दौरान विद्यालय में अन्य अनियमितताएं भी सामने आने का उल्लेख एसडीओ के पत्र में किया गया है। प्रधानाध्यापक उमेश कुमार सिंह भी बिना सूचना विद्यालय से अनुपस्थित पाए गए। निरीक्षण में कुछ कक्षाओं में पंखे नहीं चलने तथा वर्ग आठ में बल्ब और पंखा नहीं होने की बात सामने आई। पत्र में परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों को अतिरिक्त कापी उपलब्ध कराने में भी अनियमितता का उल्लेख किया गया है। एसडीओ ने प्रधानाध्यापक को भी 24 घंटे के अंदर अपना स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है। उनका भी 18 सितंबर से वेतन स्थगित करने का आदेश जारी किया गया है। एसडीओ ने मामले की सूचना जिला पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी को देते हुए कार्रवाई के लिए प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, लकड़ी नबीगंज को भी पत्र भेजा है।
