Primary Ka Master Latest Updates👇

Tuesday, October 13, 2026

छात्राओं से अश्लील हरकत में सहायक अध्यापक निलंबित

 छात्राओं से अश्लील हरकत में सहायक अध्यापक निलंबित

देवरिया। देवरिया जिले के महुआडीह क्षेत्र में एक सरकारी विद्यालय में तैनात सहायक अध्यापक ने गुरु-शिष्या के रिश्ते को कलंकित कर दिया। विद्यालय में पढ़ने वाली आठ साल की दो छात्राओं के साथ अश्लील हरकत की और घरवालों को बताने पर विद्यालय से भगा देने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपी शिक्षक के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है। वहीं प्रथमदृष्टया दोषी पाए जाने पर बीएसए ने सहायक अध्यापक को निलंबित कर दिया है।

साथ ही बैतालपुर के खंड शिक्षा अधिकारी उपेंद्र भारती को प्रकरण की विलंब से जानकारी देने पर प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है। भलुअनी के खंड शिक्षा अधिकारी सत्य प्रकाश को मामले की जांच सौंप गई है।




महुआडीह थाना क्षेत्र के एक परिषदीय विद्यालय में मैनुल्लाह सिद्दीकी सहायक अध्यापक पद पर तैनात है। उसी गांव की आठ वर्षीय दो छात्राएं भी विद्यालय में पढ़ती हैं। आरोप है कि गत तीन अक्तूबर को सहायक अध्यापक ने दोनों के साथ अश्लील हरकत की। साथ ही किसी से कहने पर विद्यालय से नाम काटकर भगा देने की धमकी दी। दोनों छात्राओं ने घर पहुंचकर परिजनों को आपबीती बताई तो। इसके बाद छात्राओं के परिजनों ने कुछ संभ्रांत लोगों से इसकी चर्चा की तो वे शिक्षक के साथ खड़े हो गए और सुलह करने की बात कहने लगे। पुलिस को दी गई तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि उक्त शिक्षक शराब के नशे में था और मोबाइल पर अश्लील वीडियो देख रहा था। महुआडीह थाने की पुलिस ने छेड़खानी व पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। उप निरीक्षक प्रभात सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।






प्रथमदृष्टया दोषी पाए जाने पर सहायक अध्यापक को निलंबित कर दिया गया है। बीईओ को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है। प्रकरण की जांच की जा रही है। इस तरह की हरकत किसी भी तरह क्षम्य नहीं है।




डॉ. रामजियावन मौर्य, बीएसए, देवरिया


छात्राओं से अश्लील हरकत में सहायक अध्यापक निलंबित Rating: 4.5 Diposkan Oleh: UP UPDATEMART

Social media link