प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क तथा जनपद स्तर पर हेल्पलाइन नंबर 1950 के माध्यम से मिलेगी सहायता
प्रदेश के सभी मतदेय स्थलों पर 28 एवं 29 नवम्बर को आयोजित होंगे विशेष अभियान दिवस*
*प्रातः 10 बजे से अपराह्न 4 बजे तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) रहेंगे उपस्थित*
*मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों, विशेषकर युवाओं एवं महिलाओं के पंजीकरण पर रहेगा विशेष जोर*
*प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क तथा जनपद स्तर पर हेल्पलाइन नंबर 1950 के माध्यम से मिलेगी सहायता*
लखनऊ, 27 नवम्बर, 2026
उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री नवदीप रिणवा ने बताया कि अर्हता तिथि 01 जनवरी, 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 17 नवम्बर से 16 दिसम्बर, 2026 तक निर्धारित है। इस दौरान अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने तथा वर्तमान मतदाताओं को अपनी प्रविष्टियों की जांच एवं आवश्यक संशोधन कराने का अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रदेश में 28 नवम्बर (शनिवार) एवं 29 नवम्बर (रविवार), 2026 को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि विशेष अभियान दिवसों पर प्रदेश के सभी मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) प्रातः 10 बजे से अपराह्न 4 बजे तक उपस्थित रहेंगे। सभी बीएलओ के पास 17 नवम्बर, 2026 को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची उपलब्ध रहेगी, जिसके माध्यम से नागरिक अपने नाम एवं अन्य विवरणों की जांच कर सकेंगे। इसके साथ ही बीएलओ के पास पर्याप्त संख्या में फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 उपलब्ध रहेंगे, ताकि पात्र नागरिक नए पंजीकरण, नाम विलोपन संबंधी आपत्ति तथा मतदाता सूची में आवश्यक संशोधन के लिए आवेदन कर सकें। नागरिकों की सुविधा के लिए प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क भी स्थापित रहेगी। इसके अतिरिक्त, जनपद स्तर पर हेल्पलाइन नंबर 1950 सक्रिय रहेंगे, जिनके माध्यम से नागरिक अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त करने के साथ ही आवश्यक जानकारी एवं सहायता हासिल कर सकेंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष अभियान दिवसों के दौरान मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों, विशेषकर युवाओं तथा महिलाओं के पंजीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। इसके लिए मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए), वर्तमान एवं पूर्व ग्राम प्रधानों, पार्षदों तथा स्थानीय स्वयंसेवकों का सहयोग लिया जाए। साथ ही सामाजिक संगठनों एवं अन्य स्थानीय संस्थाओं को भी अभियान से जोड़कर पात्र नागरिकों तक इसकी जानकारी पहुंचाई जाए।
उन्होंने समस्त जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देशित किया है कि विशेष अभियान दिवसों का आयोजन सुव्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से सुनिश्चित किया जाए तथा भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन कराया जाए। जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (AERO) स्वयं विभिन्न मतदेय स्थलों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे। अधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि सभी मतदेय स्थलों पर बीएलओ की उपस्थिति, आलेख्य मतदाता सूची एवं पर्याप्त संख्या में आवेदन फॉर्मों की उपलब्धता तथा हेल्प डेस्क का संचालन सुनिश्चित हो। अभियान के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष अभियान दिवसों के प्रभावी पर्यवेक्षण एवं कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अधिकारी भी विभिन्न जनपदों में स्थलीय निरीक्षण करेंगे। इस दौरान उनके द्वारा मतदेय स्थलों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं, बीएलओ की उपस्थिति, नागरिकों को दी जा रही सुविधाओं तथा प्राप्त किए जा रहे आवेदनों की स्थिति का जायजा लिया जाएगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री नवदीप रिणवा ने प्रदेश वासियों से अनुरोध किया है कि वे 28 एवं 29 नवम्बर को अपने संबंधित मतदेय स्थल पर पहुंचकर 17 नवम्बर को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, तो वह फॉर्म-6 भरकर नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकता है। मतदाता सूची में पहले से दर्ज नाम, पते अथवा अन्य विवरणों में संशोधन कराने तथा निवास परिवर्तन की स्थिति में फॉर्म-8 के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। वहीं, नियमानुसार किसी अपात्र अथवा मृतक मतदाता का नाम सूची से हटाने के लिए फॉर्म-7 के माध्यम से आपत्ति प्रस्तुत की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार है और प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम इसमें दर्ज होना आवश्यक है। अतः सभी नागरिक विशेष अभियान दिवसों का लाभ उठाएं, अपने परिवार एवं आसपास के पात्र नागरिकों को भी जागरूक करें तथा मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं समावेशी बनाने में सक्रिय सहयोग प्रदान करें।
