पीसीएस प्री-2025 रद्द, मुख्य परीक्षा फिर होगी
प्रयागराज, इलाहाबाद हाईकोर्ट ने लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) को बड़ा झटका देते हुए सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (पीसीएस) प्रारंभिक परीक्षा-2025 का परिणाम रद्द कर दिया है। कोर्ट ने आयोग को निर्देश दिया है कि अनारक्षित (सामान्य) वर्ग में मेधावी आरक्षित वर्ग (एमआरसी) के अभ्यर्थियों को शामिल करते हुए प्रारंभिक परीक्षा की मेरिट लिस्ट नए सिरे से तैयार करे। इसके आधार पर मुख्य परीक्षा दोबारा कराकर चयन प्रक्रिया आगे बढ़ाए। न्यायमूर्ति मनीष कुमार निगम ने संजय कुमार व तीन अन्य अभ्यर्थियों की याचिका को स्वीकारते हुए शुक्रवार को यह आदेश दिया। कोर्ट ने 20 फरवरी 2025 को जारी विज्ञापन की शर्त संख्या-19 को भी अवैध करार देते हुए रद्द कर दिया है। आयोग फैसले का अध्ययन कर आगे की कार्यवाही पर विचार करेगा।
इसी कोर्ट ने 25 नवंबर को एपीओ प्री 2025 का नतीजा रद्द कर संशोधित परिणाम जारी कर मुख्य परीक्षा फिर से कराने के निर्देश दिए थे। ओबीसी व ईडब्ल्यूएस वर्ग के याचियों ने नतीजे व आयोग के कार्यालय ज्ञाप को चुनौती दी थी। अब मुख्य परीक्षा का परिणाम भी स्वतः निष्प्रभावी हो गया है। संशोधित सूची के बाद फिर परीक्षा होगी।
कोर्ट ने खारिज किया तर्क
यदि प्रारंभिक या मुख्य परीक्षा में आरक्षित वर्ग के मेधावी अभ्यर्थियों को अनारक्षित सूची में रखा गया तो इससे उन्हें एक से अधिक बार आरक्षण का लाभ मिलेगा। आयोग और राज्य सरकार के इस तर्क को कोर्ट ने सिरे से खारिज करते हुए कहा कि अपनी मेरिट के दम पर अनारक्षित श्रेणी में स्थान पाना आरक्षण का लाभ नहीं, बल्कि समानता का संवैधानिक अधिकार है।
मेंस में सफल अभ्यर्थियों का हो चुका साक्षात्कार
पीसीएस 2025 का अंतिम परिणाम 17 सितंबर 2026 जारी हुआ था। 28 सितंबर से इसका इंटरव्यू शुरू हुआ था, जिसके एक दिन बार ही अंतिम परिणाम जारी करने पर रोक लगा दी गई थी। पीसीएस 2025 का इंटरव्यू 24 अक्तूबर को संपन्न हो चुका है। अंतिम परिणाम घोषित करने पर कोर्ट ने पहले ही रोक लगा रखी थी।
