यूपी के 46% घरों तक पहुंची डिजिटल डिवाइस
लखनऊ, उत्तर प्रदेश में युवाओं को डिजिटल संसाधनों से जोड़ने की पहल अब शिक्षा, सामाजिक सशक्तीकरण और आर्थिक समावेशन के व्यापक माध्यम के रूप में सामने आई है। स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना ने न केवल विद्यार्थियों को तकनीक से जोड़ा है, बल्कि उन परिवारों तक भी डिजिटल पहुंच बनाई है, जिनके लिए स्मार्टफोन या टैबलेट खरीदना आसान नहीं था।
भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) लखनऊ के मार्च 2026 तक के आंकड़ों पर आंकड़ों पर आधारित स्वतंत्र प्रभाव आकलन (इम्पैक्ट असेसमेंट) में योजना के दूरगामी सामाजिक और शैक्षणिक प्रभावों की पुष्टि हुई है।
अध्ययन के अनुसार, मार्च 2026 तक प्रदेश में लगभग 60 लाख स्मार्ट डिवाइस वितरित किए जा चुके हैं। इनमें 37.19 लाख स्मार्टफोन और 22.61 लाख टैबलेट शामिल हैं। प्रदेश की औसत पारिवारिक सदस्य संख्या पांच मानते हुए अध्ययन में इसका संभावित पारिवारिक प्रभाव लगभग 3 करोड़ लोगों तक आंका गया है।
अध्ययन में यह बात भी सामने आई कि बड़ी संख्या में लाभार्थी ऐसे परिवारों से हैं, जिनकी वार्षिक आय दो लाख रुपये से कम है। अध्ययन की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में सामने आई है।
आईआईएम ने 10 प्रमुख रणनीतिक सुझाव दिए
आईआईएम लखनऊ की अध्ययन टीम ने योजना के दीर्घकालिक प्रभाव को बढ़ाने के लिए 10 रणनीतिक सुझाव दिए हैं। इनमें उच्च शिक्षा एवं तकनीकी पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को प्राथमिकता से टैबलेट उपलब्ध कराना, नियमित प्रभाव आकलन आदि शामिल हैं।
44 प्रतिशत प्रतिमाह 5 जीबी से अधिक डाटा प्रयोग कर रहे
सर्वेक्षण के मुताबिक 43.5 प्रतिशत से अधिक लाभार्थी प्रतिमाह पांच जीबी से ज्यादा इंटरनेट डेटा उपयोग करते हैं। अभिभावकों ने बताया कि डिवाइस का उपयोग परिवार के अन्य सदस्य भी ई-गवर्नेंस, डिजिटल भुगतान और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए कर रहे हैं।

