शिक्षक से छह लाख रुपये लूटने के आरोपी गिरफ्तार
● इंदिरानगर में हुई थी घटना डकैती में दर्ज हुआ था मुकदमा
● लूटे गए 2.48 लाख रुपये बदमाशों के पास से बरामद
लखनऊ, वरिष्ठ संवाददाता। इंदिरानगर डी-ब्लाक में सात नंवबर को बदमाशों ने सरकारी विद्यालय के शिक्षक निरंजन सिंह की आंखों में मिर्च झोंककर छह लाख रुपयों से भरा बैग लूट लिया था। गाजीपुर पुलिस ने इस मामले में रविवार को अभय प्रताप सिंह, निवासी माल आजादनगर रामनगर, अनुभव तिवारी निवासी माल को गिरफ्तार कर लिया है। बदमाशों के पास से 2.48 लाख रुपये बरामद किए हैं।
पुलिस उपायुक्त पूर्व डॉ. दीक्षा शर्मा के मुताबिक, पीड़ित शिक्षक मूल रूप से प्रतापगढ़ के लालगंज के फतेह शाहपुर गांव के रहने वाले हैं। वह बाराबंकी के एक विद्यालय में शिक्षक हैं। वह परिवार के साथ डी-ब्लाक में रहते हैं। सात नवंबर को तड़केचार बजे दोस्त की कार से साथियों के साथ लौटे। दोस्तों ने उन्हें पॉलीटेक्निक चौराहे पर उतारा था। यहां से वह घर जा रहे थे। हाथ में रुपयों से भरा बैग भी था। कलेवा चौराहे के पास बाइक सवार बदमाशों ने उनकी आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया। बदमाशों ने झपट्टा मार कर रुपयों से भरा बैग लूट ले गए थे। निरंजन ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। इसके बाद गाजीपुर थाने पहुंचकर तहरीर दी। निरंजन ने बताया कि उनके बैग में छह लाख रुपये और मोबाइल फोन था। गाजीपुर थाने में डकैती की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया। खुलासे के लिए छह टीमों को लगाया गया। पुलिस ने रविवार को दो बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके पास से 2.48 लाख रुपये भी बरामद कर लिए। इंस्पेक्टर गाजीपुर राजेश मौर्या ने बताया कि दोनों बदमाशों को जेल भेज दिया गया है। अन्य की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।
