UP Digital Skills Guide: परिषदीय स्कूलों में डिजिटल शिक्षा के लिए शिक्षकों को मिलेगा प्रशिक्षण
लखनऊ। प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में डिजिटल शिक्षा को प्रभावी बनाने और शिक्षण प्रक्रिया को तकनीक से जोड़ने के लिए समग्र शिक्षा की ओर से उत्तर प्रदेश डिजिटल कौशल मार्गदर्शिका तैयार की गई है। इसके माध्यम से शिक्षकों को डिजिटल संसाधनों का उद्देश्यपूर्ण उपयोग करने और विद्यार्थियों की जरूरत के अनुसार शैक्षिक सहयोग उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
स्मार्ट क्लास और आईसीटी लैब के उपयोग की मिलेगी जानकारी
मार्गदर्शिका के माध्यम से शिक्षकों को विद्यालयों में उपलब्ध स्मार्ट क्लास, आईसीटी लैब और डिजिटल पुस्तकालय के उपकरणों की पहचान, संचालन तथा शैक्षिक सामग्री तक पहुंच बनाने की जानकारी दी जाएगी। साथ ही कक्षा शिक्षण में इन संसाधनों के प्रभावी उपयोग के तरीके भी बताए जाएंगे।
इसमें इंटरैक्टिव फ्लैट पैनल, ओपीएस, यूपीएस, डेस्कटॉप, वाई-फाई राउटर, प्रिंटर, वेब कैमरा सहित अन्य डिजिटल उपकरणों के उपयोग की जानकारी शामिल की गई है। शिक्षकों को उपकरणों को सही तरीके से चालू और बंद करने का क्रम भी समझाया जाएगा।
आईसीटी और डिजिटल पहल पर शिक्षकों को मिलेगा प्रशिक्षण
शिक्षक एलएमएस और दीक्षा के माध्यम से कक्षा एवं विषयवार शिक्षण सामग्री तक पहुंच सकेंगे। इसके अलावा पीएम ई-विद्या और खान एकेडमी जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म के उपयोग की जानकारी भी दी जाएगी।
दीक्षा प्लेटफॉर्म पर कक्षा 1 से 8 तक की 82 एनसीईआरटी पाठ्यपुस्तकों और 16 हजार से अधिक शैक्षिक वीडियो उपलब्ध होने का उल्लेख किया गया है। शिक्षक पाठ्यपुस्तकों में दिए गए क्यूआर कोड स्कैन करके संबंधित वीडियो और गतिविधियों को कक्षा में प्रदर्शित कर सकेंगे।
डिजिटल लाइब्रेरी में 5000 से अधिक ई-पुस्तकें
मार्गदर्शिका में डिजिटल लाइब्रेरी की सुविधाओं की भी जानकारी दी गई है। इसमें 5000 से अधिक ई-पुस्तकें, समाचार-पत्रों एवं पत्रिकाओं के ई-संस्करण और ऑडियो बुक उपलब्ध होने का उल्लेख है।
इन डिजिटल संसाधनों की मदद से शिक्षक पढ़ाए जा रहे पाठ्यक्रम के आधार पर बच्चों का आकलन कर सकेंगे। साथ ही किसी विषय या टॉपिक को समझने में विद्यार्थियों को हो रही कठिनाइयों की पहचान कर आवश्यकतानुसार रेमेडियल केयर (उपचारात्मक शिक्षण) के माध्यम से उन्हें दूर किया जा सकेगा।
इस डिजिटल कौशल मार्गदर्शिका का उद्देश्य परिषदीय विद्यालयों में उपलब्ध तकनीकी संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करना और शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाना है।
