फफूंद (औरैया)। थाना क्षेत्र के एक गांव की शिक्षिका ने पति के निधन के बाद देवर पर गलत काम करने का दबाव बनाने और ससुरालियों द्वारा प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगा पुलिस से शिकायत की है। मामले में गंभीरता दिखाते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फफूंद थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी शिक्षिका ने पुलिस को बताया कि ससुराल में आए दिन विवाद के कारण वह फफूंद कस्बे में अपने निजी मकान में रहती है। विगत आठ अप्रैल को उसके पति की बीमारी के कारण निधन हो गया। जिसके बाद से ससुरालियों ने उसका उत्पीड़न शुरू कर दिया। देवर हिमांशु व संजीव कुमार, ससुर शिव कुमार व सास केतकी देवी उसके साथ मारपीट करते थे।
आरोप है कि दो अक्तूबर की शाम छह बजे देवर हिमांशु जबरन घर में घुस आया और छेड़छाड़ करते हुए गलत काम करने के लिए दबाव बनाने लगा। जिस पर वह बचाव के लिए चिल्लाई तो मोहल्ला के लोगों को आता देख वह भाग निकला। इसकी शिकायत जब उसने अपनी सास और ससुर से की तो उन्होंने भी शिकायत न करने का दवाब बनाया। थाना प्रभारी संतोष कुमार अवस्थी ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया गया है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)
