औरैया। पुरानी पेंशन बहाली को लखनऊ में हुए लाठीचार्ज में शहीद शिक्षक रामाशीष की याद में अटेवा पुरानी पेंशन बचाव मंच ने बिधूना में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की। इसके बाद कैंडल मार्च निकाला और लाठीचार्ज में शहीद हुए शिक्षक साथी को श्रद्धांजलि दी।
बिधूना स्थित बीआरसी सभागार में अटेवा जिलाध्यक्ष अमन यादव ने कहा कि सरकारों द्वारा सदैव से कर्मचारियों की जायज मांगों का बलपूर्वक दमन किया जाता रहा है। पूर्व सरकार में भी सात दिसंबर को हुए पेंशन के आंदोलन के दौरान जिस तरह अटेवा की मांग को दबाने की कोशिश की गई और शिक्षक साथी रामाशीष की शहादत हुई इसको सदैव याद रखा जाएगा। इसके बाद संगठन द्वारा पुरानी पेंशन की मांग और मजबूत हुई है।
महामंत्री राशिद सिद्दीकी ने कहा कि कर्मचारी समझ गया है कि सही तरीके से पुरानी पेंशन की मांग अटेवा संगठन ही उठा रहा है। इसके बाद तमाम शिक्षकों ने विधूना बीआरसी से भगत सिंह चौराहे तक कैंडल मार्च निकाला और शहीद रामाशीष अमर रहे व पुरानी पेंशन लागू करो के नारे लगाए। भगत सिंह चौराहे पर कैंडल मार्च समाप्त हुआ और शहीद रामाशीष को श्रद्धांजलि दी गयी। इस दौरान अमित बिसारिया, देवेंद्र कुमार, पवन दुबे, केके गौतम, अजीत, पुष्पेंद्र, अमर सिंह, शैलेंद्र बाबू, केशव यादव, गौरव सक्सेना, अखिलेश, आर के शर्मा, रजनीश कुमार, उपेंद्र, जेपी, विवेक व विनय पटेल आदि शिक्षक कर्मचारी मौजूद रहे।
