प्रतापगढ़, वरिष्ठ संवाददाता। लोकसभा चुनाव में पीठासीन अधिकारियों को इस बार चार की जगह छह थैले दिए जाएंगे। इससे पहले के चुनाव में पीठासीन अधिकारियों को चार थैले दिए जाते थे। यह व्यवस्था इस बार के लोकसभा चुनाव से शुरू हुई है। सभी छह थैले में तीन थैले के रंग सफेद और तीन थैले अलग-अलग रंग के निर्धारित किए गए है। सभी थैले में चुनाव से संबंधित अलग-अलग मतदान की सामग्री होगी।
जिले में छठवें और सातवें चरण के मतदान की प्रक्रिया संपन्न होगी। पहली मतदान की प्रक्रिया 20 मई को कौशाम्बी लोकसभा की दो विधानसभा (कुंडा और बाबागंज) और प्रतापगढ़ लोकसभा का मतदान 25 मई को होना है। दोनों ही दिनों के लिए मतदान कार्मिक प्रशिक्षण के बाद ड्य्टी करेंगे। पोलिंग पार्टी रवाना करते समय पीठासीन अधिकारियों को मतदान सामग्री के छह अलग-अलग थैले दिए जाएंगे। इन थैलो में रखी चुनाव सामग्री की जानकारी प्रशिक्षण में ही दी जा रही है।


