UP Weather Today: उत्तर प्रदेश में बदला मौसम का मिजाज, कोहरा अब अंतिम चरण में, दिन में सताएगी गर्मी, IMD अपडेट
उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में मौसम अब धीरे-धीरे करवट बदलता हुआ नजर आ रहा है। सर्द हवाओं की रफ्तार थमने और पछुआ हवाओं के कमजोर पड़ने से प्रदेशभर में दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग (Weather Department) के अनुसार 11 फरवरी से लेकर वेलेंटाइन डे यानी 14 फरवरी तक मौसम शुष्क और साफ बना रहेगा।
मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में कोहरे का असर अब अंतिम चरण में है। आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तापमान पहले ही सामान्य से ऊपर पहुंच चुका है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों जैसे गोरखपुर, पीलीभीत, देवरिया और वाराणसी में अभी भी सुबह के समय हल्के कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि, इन इलाकों में भी कोहरा केवल सुबह तक सीमित रहेगा और दिन चढ़ते ही तेज धूप निकलने के आसार हैं।
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार फिलहाल अगले कुछ दिनों तक किसी बड़े मौसम परिवर्तन की संभावना नहीं है। कोई सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ या अन्य मौसम तंत्र न होने के कारण तापमान में धीरे-धीरे इजाफा जारी रहेगा। सुबह और शाम हल्की ठंड बनी रहेगी, जबकि दिन में तेज धूप लोगों को सर्दी से काफी हद तक राहत देगी।

