Primary Ka Master Latest Updates👇

Friday, May 15, 2026

23 हजार शिक्षकों-प्रधानाचार्यों की भर्ती, एडेड माध्यमिक विद्यालयों के लिए खुला अवसर, बेसिक शिक्षा विभाग में भी चल रही है तैयारी

 लखनऊ। प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) माध्यमिक विद्यालयों में नए सत्र में 23213 शिक्षकों व प्रधानाचार्यों के पदों पर भर्ती होगी। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने इसके लिए उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को पीजीटी भर्ती के रिक्त पदों का अधियाचन भेजा है। अब आयोग इसकी आगे की प्रक्रिया पूरी करेगा।



प्रदेश के एडेड माध्यमिक विद्यालयों में पिछली बार 2016 में खाली पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू हुई थी किंतु यह पूरी 2021 में हुई थी। इस तरह लंबे समय बाद खाली पदों पर भर्ती की प्रक्रिया माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से शुरू की गई है। विभाग की ओर से उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को भेजे अधियाचन के अनुसार प्रधानाचार्य के 1502, प्रधानाध्यापक के 1003, प्रवक्ता के 2705, सहायक अध्यापक (शिक्षक) के 16114 व सहायक अध्यापक (संस्कृत प्राइमरी) के 1889 कुल 23213 पद खाली हैं।




इन पदों पर रिक्तियां


प्रधानाचार्य : 1502


प्रधानाध्यापक : 1003


प्रवक्ता : 2705


सहायक अध्यापक (शिक्षक) : 16114


सहायक अध्यापक (संस्कृत प्राइमरी) : 1889


कुल : 23213


4479 विद्यालयों में भर्तियां




प्रदेश में 4512 एडेड विद्यालय हैं। इनमें 4479 एडेड माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों व प्रधानाचार्यों के पद खाली हैं। लंबे समय बाद इतनी बड़ी संख्या में शिक्षकों व प्रधानाचार्यों के मिलने से इन विद्यालयों की पढ़ाई-लिखाई प्रक्रिया को गति मिलने की उम्मीद है। वर्तमान में अधिकांश विद्यालयों में इन खाली पदों पर जगह वर्तमान शिक्षकों से ही पढ़ाने का कार्य कराया जा रहा है। इससे कई बार छात्रों की पढ़ाई भी प्रभावित होती थी, जो अब नए सत्र में सामान्य हो सकेगी।




बेसिक शिक्षा विभाग में भी चल रही है तैयारी




माध्यमिक के साथ ही प्रदेश के बेसिक शिक्षा विभाग में भी लंबे समय से शिक्षकों के खाली पदों पर भर्ती की मांग उठती रही है। इसके लिए न्यायालयों में याचिकाएं दायर की गई हैं और आरक्षण प्रक्रिया चल रही है। पिछले साल विद्यालयों के विलय की प्रक्रिया पूरी करने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग भी खाली पदों पर भर्ती कर सकता है। विभाग में इसके लिए प्रक्रिया चल रही है।




माध्यमिक शिक्षा विभाग के अपर शिक्षा निदेशक सुरेंद्र कुमार तिवारी की ओर से आयोग को रिक्त पदों का अधियाचन भेजा गया है। उन्होंने कहा है कि 4479 एडेड माध्यमिक विद्यालयों में संस्थान प्रधानों व शिक्षकों की सीधी भर्ती के अंतर्गत जिला स्तरीय अधिकारियों द्वारा उपलब्ध कराई गई सूचना के अनुसार अधियाचन भेजा गया है। उन्होंने बताया कि भौतिक रूप से अधियाचन देने के साथ ही ई-पोर्टल पर भी इसकी सूचना भेजी जा रही है।




अभी 4163 पदों पर चल रही भर्ती प्रक्रिया




उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से एडेड माध्यमिक विद्यालयों के लिए 2022 से चल रही पीजीटी व टीजीटी भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है। इसके तहत पीजीटी (प्रवक्ता भर्ती परीक्षा) में 10 मई को 624 पदों के लिए आयोजित की गई थी। वहीं टीजीटी (सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा) तीन व चार जून को प्रस्तावित है। इसके 3539 पद हैं। इस तरह 4136 पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है। दूसरी तरफ एडेड डिग्री कॉलेजों के लिए असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा 18 व 19 अप्रैल को हुई है। इसमें 1017 पद हैं।


23 हजार शिक्षकों-प्रधानाचार्यों की भर्ती, एडेड माध्यमिक विद्यालयों के लिए खुला अवसर, बेसिक शिक्षा विभाग में भी चल रही है तैयारी Rating: 4.5 Diposkan Oleh: Updatemarts

Social media link