वायरल वीडियो : शिक्षामित्र ने मेरा जीना दुश्वार कर दिया.. जान दे रही हूं
उन्नाव,। मैं पूरे होशो-हवास में खुदकुशी कर रहीं हूं..इसके जिम्मेदार पुष्कर बाजपेई हैं। उन्होंने मुझे बहुत ज्यादा परेशान करके रखा है..दो-ढाई साल हो गए। छह-आठ महीने से तो मेरी जिंदगी दुश्वार कर दी है, अब हम थक गए हैं। यह कहते हुए एक शिक्षिका ने एक मिनट 11 सेकेंड का वीडियो बनाया। इसके बाद स्कूल में ही जहर खा लिया। शिक्षिका के गिरते हुए हड़कंप मच गया। आनन-फानन में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। हालांकि आपका अपना अखबार हिन्दुस्तान वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।सिकंदरपुर कर्ण ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय बदरका प्रथम में तैनात अविवाहित शिक्षिका नरजिस सुल्ताना ने गुरुवार को स्कूल परिसर में जहरीला पदार्थ खा लिया।
जहर खाने से पहले उन्होंने एक मिनट 11 सेकेंड का एक वीडियो बनाया। वीडियो में उन्होंने स्कूल में ही तैनात शिक्षामित्र पुष्कर बाजपेई पर प्रताड़ित करने के कई आरोप लगाए। यहां तक खुदकुशी के लिए भी उन्हें ही जिम्मेदार ठहराया। शिक्षिका के जहर खाने की जानकारी मिलते ही विद्यालय स्टाफ और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। शिक्षिका की हालत बिगड़ती देख तत्काल एंबुलेंस की मदद से सीएचसी अचलगंज ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने प्राथमिक इलाज के बाद रेफर कर दिया। परिजनों ने बेहतर इलाज के लिए शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। चर्चाओं के मुताबिक, शिक्षिका और शिक्षामित्र के बीच किसी बात को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। मामले में अचलगंज थाना के एसआई विनय यादव ने बताया कि शिक्षिका के जहर खाने की जानकारी है। जांच की जा रही है। देर शाम तक शिक्षिका या उनके घरवालों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, बीएसए शैलेश कुमार पांडेय ने बताया कि निजी अस्पताल में भर्ती शिक्षिका से जाकर मुलाकात की है। विद्यालय में तैनात शिक्षामित्र और शिक्षिका के बीच मतभेद की बात सामने आई है। मामले की जांच बीईओ सिंकदरपुर कर्ण को सौंपते हुए रिपोर्ट मांगी गई है।

