ई-शिक्षाकोष के डेटा से बड़ा खुलासा; गोपालगंज में 5600 से अधिक शिक्षकों की उपस्थिति संदिग्ध
बिहार के गोपालगंज जिले में शिक्षा विभाग की डिजिटल मॉनिटरिंग प्रणाली ‘ई-शिक्षाकोष’ ने स्कूलों की व्यवस्था को लेकर बड़ा खुलासा किया है। महज एक दिन के डेटा विश्लेषण में 5,639 शिक्षक, शिक्षिकाएं और प्रधानाध्यापक संदिग्ध पाए गए हैं, जिसके बाद जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।
समीक्षा में ऑन मार्क ड्यूटी दिखी
जिला शिक्षा पदाधिकारी योगेश कुमार के नेतृत्व में ई-शिक्षाकोष पोर्टल की समीक्षा की गई। जांच में सामने आया कि कई शिक्षकों ने खुद को ‘ऑन मार्क ड्यूटी’ दिखाया, लेकिन इसके समर्थन में जरूरी प्रमाण उपलब्ध नहीं थे। इसके अलावा, कई शिक्षक बिना सूचना के स्कूल से अनुपस्थित पाए गए।
पोर्टल पर समय से उपस्थिति दर्ज की गई
डाटा विश्लेषण से यह भी पता चला कि कुछ शिक्षक निर्धारित समय के काफी देर बाद विद्यालय पहुंचे, लेकिन पोर्टल पर समय से उपस्थिति दर्ज कर दी। इन अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है।
5639 शिक्षकों से स्पष्टीकरण मांगा गया
मामले को लेकर डीईओ योगेश कुमार ने सभी 5,639 शिक्षकों से तीन दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित शिक्षकों के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

