सीयूईटी यूजी: तकनीकी खामियों से लाखों परेशान
नई दिल्ली, एजेंसी। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित सीयूईटी-यूजी 2026 परीक्षा शनिवार को देशभर के लाखों छात्रों के लिए परेशानी की वजह बन गई। कई केंद्रों पर परीक्षा निर्धारित समय से दो-ढाई घंटे देरी से शुरू हुई।
पहली पाली में गड़बड़ी के बाद दूसरी पाली का भी समय बदलना पड़ा। इस दौरान नोएडा, अंबाला समेत कई जगह छात्रों ने हंगामा किया। एनटीए ने तकनीकी खराबी को इसकी वजह बताते हुए कहा कि अब परेशानी को दूर कर लिया गया है। इस वर्ष सीयूईटी यूजी परीक्षा 11 मई को शुरू हुई थी, जो 31 मई तक चलेगी। शनिवार को पहली पाली की परीक्षा सुबह नौ बजे से होनी थी। अचानक छात्रों को बताया गया कि तकनीकी खराबी के चलते परीक्षा देरी से शुरू होगी एक-डेढ़ घंटे बाद भी संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। बाद में दोपहर 11 बजे परीक्षा शुरू कराई गई।
ये हुईं परेशानियां
परीक्षा केंद्रों में आखिरी समय में बदलाव की शिकायतें मिलीं।
कई जगहों पर छात्रों को प्रवेश देने में देरी, सर्वर-लॉगिन फेल होने की समस्याएं थीं।
कुछ केंद्रों पर तकनीकी समस्या के चलते परीक्षा रद्द की गई।
एडमिट कार्ड के विवरण व परीक्षा की तारीखों पर भ्रम की स्थिति।

