पीले शर्ट में स्कूल आ रहे गुरुजी हरे शर्ट में वापस लौट रहे हैं घर
भागलपुरः जिला शिक्षा विभाग ने फर्जी तरीके से अटेंडेंस बनाने वाले शिक्षकों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। अटेंडेंस जांच में कई तरह के खुलासे हो रहे हैं। कोई शिक्षक महीने भर अटेंडेंस इन तो कर रहा है लेकिन आउट नहीं कर रहा। कोई सुबह में पीले रंग का शर्ट पहन कर स्कूल आ रहे हैं और शाम में स्कूल से लौटने के समय उनके शर्ट का रंग बदल जा रहा है। जिला शिक्षा विभाग की स्थापना शाखा द्वारा तीन शिक्षकों से फर्जी तरीके से अटेंडेंस बनाने के मामले में स्पष्टीकरण मांगा गया है। नाथनगर के उर्दू प्राथमिक विद्यालय राजपुर के शिक्षक अमित कुमार द्वारा एक मार्च को सुबह में पीले रंग की शर्ट पहन कर हाजिरी बनाई गई है जबकि स्कूल से जाते समय हरे रंग की शर्ट में। यही हाल 7 मार्च को भी उनके द्वारा किया गया है। वहीं प्राथमिक विद्यालय आमापुर, पीरपैंती के शिक्षक विकास कुमार को ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर अनियमित उपस्थिति दर्ज की है।
इनके द्वारा मई माह में 2, 4, 6, 7, 8, 9, 11, 12, 13, 14, 15, 18, 19 और 23 मई को आउट टाइम दर्ज नहीं गया है। 22, 23 और 24 अप्रैल को शिक्षक ने विद्यालय में इन टाइम दर्ज किया, लेकिन आउट टाइम की जगह आफिस वर्क अंकित किया गया है। इस मामले पर संज्ञान लेते हुए तीनों शिक्षकों से 24 घंटा में स्पष्टीकरण मांगा गया है।
