शिक्षामित्रों का फूटा गुस्सा, बीईओ की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षामित्र संघ ने खंड शिक्षा अधिकारियों (BEO) की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए शिक्षामित्रों का मानसिक उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। रविवार को तहसील मुख्यालय बारा खास स्थित एक आवास पर संघ की बैठक आयोजित की गई, जिसमें जनगणना ड्यूटी और प्रशासनिक व्यवहार को लेकर कई मुद्दों पर चर्चा हुई।
जिलाध्यक्ष वसीम अहमद ने बिना प्रशिक्षण शिक्षामित्रों को जनगणना प्रगणक ड्यूटी में लगाए जाने का विरोध किया। उन्होंने कहा कि उचित प्रशिक्षण के बिना इस प्रकार की जिम्मेदारी देना गलत है और इससे कार्य प्रभावित हो सकता है।
बैठक में मृत शिक्षामित्र विश्वजीत यादव प्रकरण का मुद्दा भी उठाया गया। संघ पदाधिकारियों ने संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग करते हुए मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की भी मांग की।
जनगणना ड्यूटी में लापरवाही पर 65 कर्मचारियों को चेतावनी
इसी बीच जनगणना कार्य में लगाए गए परिषदीय विद्यालयों के शिक्षक और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) अनिल कुमार द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि जिले के 65 शिक्षक और कर्मचारी अब तक ड्यूटी पर उपस्थित नहीं हुए हैं।
आदेश में इसे कार्य के प्रति उदासीनता और उच्चाधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना माना गया है। संबंधित कर्मचारियों को अंतिम अवसर देते हुए 26 मई को सुबह 10:30 बजे तक ड्यूटी ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
बीएसए ने चेतावनी दी है कि अनुपस्थित रहने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के साथ विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी।
मांगों पर विचार नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी
संघ के जिला संरक्षक सुरेंद्र पांडेय ने कहा कि विभिन्न जिलों में शिक्षामित्र सम्मान समारोह आयोजित किए जा रहे हैं, लेकिन कुछ अधिकारी जनपद स्तर पर शिक्षामित्रों का शोषण कर रहे हैं।
संघ के महामंत्री सुनील तिवारी और उपाध्यक्ष जनार्दन पांडेय ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द विचार नहीं किया गया तो हैंडिया और करछना उपजिलाधिकारी कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
बैठक का संचालन जिला प्रवक्ता व ब्लॉक अध्यक्ष जसरा सुमंत भार्गव ने किया। इस दौरान दशरथ भारती, शरद मिश्र, निशा तिवारी, वंदना श्रीवास्तव, बैजनाथ सोनी, बनश्याम दत्त मिश्र, कमलाकर सिंह सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
