लेखपाल भर्ती परीक्षा पर आयोग का बड़ा बयान, “कोई गड़बड़ी नहीं हुई, अफवाहों से रहें सावधान”
लखनऊ। प्रदेश में 7994 पदों पर आयोजित लेखपाल भर्ती लिखित परीक्षा को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने सख्त रुख अपनाया है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा पूरी पारदर्शिता और शुचिता के साथ संपन्न कराई गई है तथा किसी प्रकार की गड़बड़ी नहीं हुई है।
रविवार को जारी विज्ञप्ति में परीक्षा नियंत्रक सुभाष चंद्र प्रजापति ने कहा कि कुछ लोग गलत मंशा से परीक्षा को लेकर भ्रामक सूचनाएं फैला रहे हैं। उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आयोग की आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें।
आयोग ने यह भी चेतावनी दी है कि परीक्षा संबंधी झूठी खबरें फैलाने और अभ्यर्थियों को भड़काने वालों के खिलाफ पुलिस एवं आयोग की ओर से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों के अनुसार, परीक्षा के दौरान सुरक्षा और निगरानी के व्यापक इंतजाम किए गए थे, ताकि परीक्षा निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सके। आयोग ने कहा कि अभ्यर्थियों को भ्रमित करने का प्रयास करने वालों पर नजर रखी जा रही है।
