पोर्टल से लेकर अभिभावकों तक रिपोर्ट कार्ड पहुंचाना जरूरी
प्रयागराज। निपुण भारत मिशन के तहत कराए गए आकलन के बाद छात्रों के रिपोर्ट कार्ड वितरण में लापरवाही सामने आने पर शासन ने सख्त रुख अपनाया है। महानिदेशक स्कूल शिक्षा की ओर से जारी पत्र में निर्देश दिया गया है कि छात्र-छात्राओं के रिपोर्ट कार्ड अभिभावकों तक हर हाल में पहुंचाए जाएं।
समीक्षा में कई जनपदों में रिपोर्ट कार्ड डाउनलोड की प्रगति 59 प्रतिशत से घटकर 33 प्रतिशत तक पाई गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। यह भी कहा गया है कि सभी विद्यालय आकलन में शामिल छात्रों के अभिभावकों को रिपोर्ट कार्ड उपलब्ध कराना अनिवार्य है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने जनपद में कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करें और समयबद्ध ढंग से कार्य पूर्ण कराएं।
