कुलपति के खिलाफ प्राचार्य-प्रबंधकों ने खोला मोर्चा, मान्यता वापस करने की मांग
मुरादाबाद। गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय के स्नातक व परास्नातक प्रथम सेमेस्टर के परीक्षा परिणाम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के फेल होने के बाद कॉलेज प्रबंधकों और प्राचार्यों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।
कॉलेज संचालकों ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि परीक्षा परिणामों में भारी गड़बड़ी हुई है, जिससे छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उनका कहना है कि पिछले वर्ष प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों का अब जो परिणाम सामने आया है, उसमें बड़ी संख्या में छात्र असफल घोषित किए गए हैं।
प्राचार्यों और प्रबंधकों का आरोप है कि ऐसी स्थिति में कॉलेज संचालन करना बेहद चुनौतीपूर्ण हो गया है। उन्होंने कहा कि यदि यही हालात रहे तो वे विश्वविद्यालय से संबद्धता समाप्त करने या मान्यता वापस करने पर विचार करने को मजबूर होंगे।
इस पूरे मामले को लेकर संबंधित कॉलेज संचालकों ने राज्यपाल और मुख्यमंत्री को भी शिकायत पत्र भेजा है। उन्होंने मांग की है कि परीक्षा परिणामों की निष्पक्ष जांच कराई जाए और विद्यार्थियों के हित में आवश्यक कदम उठाए जाएं।
कॉलेज प्रबंधन का कहना है कि छात्रों और अभिभावकों में भी विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली को लेकर असंतोष बढ़ता जा रहा है। ऐसे में जल्द समाधान नहीं निकला तो आंदोलन तेज किया जा सकता है।
