समझौते की उम्मीद में सोना चमका, चांदी के भाव स्थिर
राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोमवार को डॉलर के कमजोर होने तथा अमेरिका और ईरान के बीच संभावित शांति समझौते को लेकर बनी उम्मीदों के कारण सोने की कीमतों में 300 रुपये की बढ़ोतरी हुई और इसकी कीमत 1.65 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गयी।
स्थानीय बाजार के जानकारों के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत में 300 रुपये का इजाफा हुआ। शुक्रवार को बाजार बंद होने के समय इसकी कीमत 1,64,900 रुपये प्रति 10 ग्राम थी, जो बढ़कर 1,65,200 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) हो गई। हालांकि, बाजार के जानकारों ने बताया कि चांदी की कीमतें 2,71,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर अपरिवर्तित रहीं।
विश्लेषकों ने कहा कि सर्राफा की कीमतों में यह तेजी भू-राजनीतिक तनाव में कमी, बॉन्ड प्रतिफल में नरमी और डॉलर के कमजोर होने के कारण आई। हालांकि, रुपये में आई मजबूती ने घरेलू बाजार में सोने की कीमतों में और अधिक उछाल को सीमित कर दिया।

