Weather Today, 26 May: यूपी में हीटवेव से राहत, कई जिलों में आंधी-तूफान का अलर्ट; 28 मई से झमाझम बारिश
उत्तर प्रदेश इन दिनों भीषण गर्मी, उमस और लू की मार से बेहाल है। राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के कई जिलों में तापमान लगातार सामान्य से ऊपर बना हुआ है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। तेज धूप, गर्म हवाएं और तपिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। हालांकि अब मौसम में राहत के संकेत दिखाई देने लगे हैं। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, प्रदेश में सक्रिय हो रही ठंडी पुरवाई हवाएं और उत्तर भारत की ओर बढ़ रहा नया पश्चिमी विक्षोभ मिलकर मौसम का मिजाज बदल सकते हैं। इसके असर से 28 मई के आसपास लखनऊ समेत पूरे उत्तर प्रदेश में बारिश, आंधी और गरज-चमक का दौर शुरू होने की संभावना है। इससे न केवल तापमान में गिरावट आएगी, बल्कि कई दिनों से जारी हीटवेव जैसे हालात से भी राहत मिल सकती है।
यूपी को मिलेगी राहत
उत्तर प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में पिछले कई दिनों से गर्मी अपने चरम पर है। दोपहर के समय चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं ने हालात और कठिन बना दिए हैं। लखनऊ, कानपुर, आगरा, प्रयागराज, वाराणसी और पश्चिमी यूपी के कई जिलों में तेज गर्मी और उमस ने लोगों को परेशान किया हुआ है। दिन में तापमान लगातार 40 डिग्री सेल्सियस के पार बना हुआ है। ऐसे में बारिश और ठंडी हवाओं की संभावना लोगों के लिए राहत भरी खबर मानी जा रही है।
क्यों बदल रहा है मौसम
लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, फिलहाल मध्य भारत के ऊपर एक एंटी-साइक्लोन बना हुआ है, जिसकी वजह से गर्म और शुष्क पछुआ हवाएं उत्तर प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में सक्रिय हैं। यही कारण है कि प्रदेश में गर्मी और लू का असर लगातार बना हुआ है। लेकिन अब निचले क्षोभमंडल में पुरवाई हवाएं सक्रिय हो रही हैं, जो बंगाल की खाड़ी की ओर से नमी लेकर आ रही हैं। इसके साथ ही उत्तर भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय होने जा रहा है। जब ये दोनों सिस्टम एक-दूसरे के प्रभाव में आएंगे तो प्रदेश में मौसम तेजी से बदलेगा और बारिश, आंधी व गरज-चमक की स्थिति बन सकती है।
लखनऊ में अभी क्या है मौसम की स्थिति?
राजधानी लखनऊ में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन वातावरण में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विज्ञानी अतुल कुमार के अनुसार, मंगलवार को राजधानी में लू की कोई आधिकारिक चेतावनी नहीं है, हालांकि दिन में धूल भरी तेज आंधी चलने की संभावना बनी हुई है।
सोमवार को लखनऊ में दिन का अधिकतम तापमान 42.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.1 डिग्री अधिक रहा। वहीं रात का न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि रात का तापमान करीब 29 डिग्री के आसपास रह सकता है।
लखनऊ में अभी क्या है मौसम की स्थिति?
राजधानी लखनऊ में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन वातावरण में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विज्ञानी अतुल कुमार के अनुसार, मंगलवार को राजधानी में लू की कोई आधिकारिक चेतावनी नहीं है, हालांकि दिन में धूल भरी तेज आंधी चलने की संभावना बनी हुई है।
सोमवार को लखनऊ में दिन का अधिकतम तापमान 42.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.1 डिग्री अधिक रहा। वहीं रात का न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि रात का तापमान करीब 29 डिग्री के आसपास रह सकता है।
देर रात बदला मौसम, तेज हवाओं ने दी थोड़ी राहत
मंगलवार को दिनभर तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान किया, लेकिन देर रात मौसम ने करवट ली। तेज हवा चलने से तापमान के असर में थोड़ी कमी महसूस की गई। इससे संकेत मिल रहे हैं कि आने वाले दिनों में मौसम और तेजी से बदल सकता है।
यूपी के कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हल्की बारिश, तेज हवाओं और आंधी की संभावना जताई है। पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कई हिस्सों में मौसम सक्रिय हो सकता है। जिन जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है उनमें मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, आगरा, मथुरा, कानपुर, सहारनपुर, बिजनौर, बरेली, रामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, बलरामपुर, वाराणसी, प्रयागराज और गोरखपुर शामिल हैं। इन इलाकों में प्री-मानसून गतिविधियों के तहत हल्की बारिश लोगों को गर्मी से राहत दिला सकती है।
प्री-मानसून एक्टिविटी से बदलेगा यूपी का मौसम
विशेषज्ञों का मानना है कि पुरवाई हवाओं और पश्चिमी विक्षोभ के संयुक्त असर से प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो सकती हैं। अगर यही सिस्टम सक्रिय बना रहा तो अगले कुछ दिनों तक मौसम सुहावना रह सकता है। इससे न केवल तापमान नियंत्रित होगा बल्कि हीटवेव जैसी स्थिति भी कमजोर पड़ सकती है।

