डिग्री कॉलेजों में नौवीं से 12 वीं के शिक्षक पढ़ाएंगे
नवसृजित 211 डिग्री कालेजों में नौवीं से 12वीं कक्षा तक के योग्य शिक्षकों को पढ़ाने का अवसर मिलेगा। उच्च शिक्षा विभाग ने सभी जिलाधिकारियों को पत्र भेजकर ऐसे सरकारी शिक्षकों की सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है, जिन्होंने नेट, जेआरएफ या पीएचडी की योग्यता प्राप्त की है। इन शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति नये कॉलेजों में 30 जून तक की जाएगी।
पत्र में स्पष्ट किया गया है कि नौवीं कक्षा से 12वीं तक पढ़ाने वाले ऐसे शिक्षक, जिन्होंने यूजीसी मानकों के अनुरूप नेट, जेआरएफ या पीएचडी की डिग्री हासिल की है, उन्हें चिह्नित कर नये डिग्री कॉलेजों में प्रतिनियुक्त किया जायेगा। उच्च शिक्षा विभाग ने सभी जिलों से योग्य शिक्षकों का सत्यापित विवरण 24 जून तक ई-मेल से उपलब्ध कराने को कहा है, ताकि कॉलेजों में समय पर शिक्षण कार्य शुरू कराया जा सके। विभाग के अधिकारी ने कहा कि नये कॉलेजों में शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए सरकार पहली बार बड़े पैमाने पर स्कूल शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति का सहारा ले रही है।
■शुरुआती चरण में छह विषयों में पढ़ाई शुरू की जाएगी
विभाग के अनुसार शुरुआती चरण में अंग्रेजी, हिंदी, इतिहास, राजनीति विज्ञान, अर्थशास्त्र और समाजशास्त्र समेत छह विषयों में पढ़ाई शुरू होगी। चूंकि अभी नियमित सहायक प्राध्यापकों या फिक्स्ड टर्म फैकल्टी की नियुक्ति नहीं हुई है, इसलिए अंतरिम व्यवस्था के तहत माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत योग्य शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी।
इससे कॉलेजों में शैक्षणिक गतिविधियां समय पर शुरू हो सकेंगी। वहीं योग्य शिक्षकों को उच्च शिक्षासंस्थानों में पढ़ाने का अवसर भी मिलेगा। उच्च शिक्षा विभाग के सचिव राजीव रौशन द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि सरकार के सात निश्चय तीन कार्यक्रम के तहत 211 प्रखंडों में नये डिग्री कॉलेज स्थापित किये जा रहे हैं। यहां एक जुलाई से शैक्षणिक सत्र शुरू करने की तैयारी है।

