शामली। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ जनपद शामली की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष संजीव मलिक ने की। बैठक में संगठन के पदाधिकारियों एवं शिक्षकों ने प्रदेश के नॉन-टेट शिक्षकों के लिए विभागीय टीईटी (स्पेशल टेट) परीक्षा आयोजित कराने संबंधी शासन स्तर पर हुई पहल के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, स्नातक एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह तथा एमएलसी राज बहादुर सिंह चंदेल का आभार व्यक्त किया। बैठक में वक्ताओं ने बताया कि मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा 8 जून 2026 को जारी पत्र के माध्यम से अपर मुख्य सचिव, बेसिक शिक्षा विभाग को उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार तिवारी एवं महामंत्री उमाशंकर सिंह द्वारा 6 जून 2026 को दिए गए ज्ञापन पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
ज्ञापन में प्राथमिक शिक्षकों को सेवा वर्ष के आधार पर वेटेज अंक प्रदान करने, विभागीय टेट परीक्षा आयोजित करने तथा शिक्षकों की सेवाओं को सुरक्षित रखने की मांग की गई थी। जिलाध्यक्ष संजीव मलिक ने कहा कि मुख्यमंत्री के त्वरित एवं सकारात्मक हस्तक्षेप से प्रदेश के प्राथमिक शिक्षक वर्ग में नई उम्मीद जगी है। इसके लिए शिक्षक समाज मुख्यमंत्री का हृदय से आभारी है। बैठक के बाद संगठन का एक प्रतिनिधिमंडल जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शामली से मिला और शासनादेश के अनुरूप नॉन-टेट शिक्षकों की सूची शीघ्र संकलित कर शासन को भेजे जाने की मांग की। इस संबंध में संगठन ने बीएसए को ज्ञापन भी सौंपा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने आश्वासन दिया कि कार्यालय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए नॉन-टेट शिक्षकों का विवरण संकलित कर जल्द शासन को प्रेषित किया जाएगा। बैठक में जिलामंत्री गुलाब सिंह, जिला संरक्षक योगेश मलिक, ब्लॉक अध्यक्ष महावीर सिंह, ब्लॉक मंत्री ऊन अनुज कुमार, ब्लॉक मंत्री , हरविंदर सिंह सहित जिला कार्यकारिणी के अन्य पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।
