गर्मी और उमस ने किया परेशान, पारा 41 डिग्री:फिलहाल राहत के आसार नहीं, कानपुर में आज शाम बादल छा सकते हैं
जून की तपिश ने कानपुर वालों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। भीषण गर्मी और उमस के दोहरे प्रहार से लोग बेहाल हैं। सुबह से ही तेज धूप निकलने के कारण तापमान तेजी से बढ़ा और दोपहर होते-होते सूरज के तेवर तल्ख हो गए।
अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.2 डिग्री अधिक रहा। फिलहाल दोपहर में तेज धूप निकलने और लू चलने के आसार हैं। शाम के समय बादल भी छा सकते हैं।
तेज धूप और लू के थपेड़ों ने लोगों का घरों से निकलना मुश्किल कर दिया। दोपहर के समय सड़कों पर निकलने वाले अधिकांश लोग चेहरे को कपड़े से ढककर चलते नजर आए। गर्म हवाओं का असर देर शाम तक बना रहा, जिससे लोगों को राहत नहीं मिल सकी।
रातें भी हो रहीं गर्म
दिन के साथ रातें भी गर्म होती जा रही हैं। न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे रात में भी गर्मी का एहसास बना रहा। उमस बढ़ने के कारण लोगों को पसीने और चिपचिपाहट का सामना करना पड़ा। फिलहाल गर्मी और उमस से तत्काल राहत मिलने के आसार नहीं हैं।
42 से 45 डिग्री तक जा सकते हैं तापमान
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि आने वाले 24 घंटे में दिन में तेज धूप निकलेगी इसके अलावा लू भी चलेगी। तापमान 42से 45 डिग्री सेल्सियस तक जा सकते हैं। हालांकि नमी के कारण बादल छाने व पाकेट्स में बारिश हो सकती है।

