भ्रामक संदेशों से बचें, एनटीए ने जारी किया आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर
नई दिल्ली। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने NEET-UG 2026 की पुनर्परीक्षा से पहले अभ्यर्थियों को फर्जी और भ्रामक संदेशों से सावधान रहने की सलाह दी है। इसके साथ ही एजेंसी ने छात्रों की सुविधा के लिए अपना आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर 917827980287 जारी किया है।
एनटीए ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण सूचनाएं, अपडेट और परीक्षा केंद्र संबंधी जानकारी केवल इसी सत्यापित व्हाट्सएप नंबर के माध्यम से भेजी जाएगी। छात्रों से अपील की गई है कि वे किसी अन्य नंबर या सोशल मीडिया पर प्रसारित संदेशों पर भरोसा न करें।
22.69 लाख में से 19.5 लाख अभ्यर्थियों ने डाउनलोड किया एडमिट कार्ड
एनटीए के अनुसार, परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए पहले ही रिमाइंडर भेजे जा चुके हैं। अब तक 22.69 लाख पंजीकृत अभ्यर्थियों में से लगभग 19.5 लाख छात्रों ने अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर लिया है।
पहले एनटीए अभ्यर्थियों के पंजीकृत ईमेल और मोबाइल नंबर पर ही सूचनाएं भेज रहा था, लेकिन अब छात्रों की सुविधा के लिए आधिकारिक व्हाट्सएप चैनल भी शुरू किया गया है।
केवल एनटीए के नंबर से मिले संदेशों पर करें भरोसा
एनटीए ने कहा है कि परीक्षा संबंधी जानकारी के लिए केवल आधिकारिक नंबर से प्राप्त संदेशों पर ही भरोसा करें। किसी भी फर्जी कॉल, मैसेज या सोशल मीडिया पोस्ट के झांसे में न आएं।
मेडिकल यूजी और पीजी छात्रों की छुट्टियों पर रोक
इसी बीच सरकार ने मेडिकल यूजी और पीजी छात्रों की 20 और 21 जून की छुट्टियों पर रोक लगाने का फैसला किया है। बताया गया है कि पूर्व में कुछ मामलों में दूसरे अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा देने की घटनाएं सामने आई थीं। इसी को देखते हुए परीक्षा से पहले सतर्कता बढ़ाई गई है।
पुराना एडमिट कार्ड नहीं होगा मान्य
एनटीए ने स्पष्ट किया है कि 21 जून को आयोजित पुनर्परीक्षा के लिए 3 मई का पुराना एडमिट कार्ड मान्य नहीं होगा। सभी अभ्यर्थियों को नया एडमिट कार्ड डाउनलोड कर परीक्षा केंद्र पर उपस्थित होना होगा।
एनटीए ने छात्रों से अपील की है कि वे समय रहते अपना नया एडमिट कार्ड डाउनलोड करें और केवल आधिकारिक माध्यमों से प्राप्त सूचनाओं पर ही भरोसा करें, ताकि किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति से बचा जा सके।

