सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट: सिर्फ 5 दिन में बदल गया बाजार का रुख
पिछले सप्ताह सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट देखी गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर चांदी के वायदा भाव में अचानक से भारी गिरावट दर्ज की गई। महज पांच कारोबारी दिनों में चांदी की कीमत में 18,000 रुपये प्रति किलोग्राम से अधिक की कमी आई है। इस गिरावट के बाद चांदी अब अपने उच्चतम स्तर से 2.09 लाख रुपये प्रति किलोग्राम सस्ती हो गई है। वहीं, सोने की कीमतों में भी गिरावट देखी गई है और यह अपने उच्चतम स्तर से 48,000 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हो गया है।
चांदी के भाव में भारी गिरावट
MCX पर चांदी की कीमतों पर नज़र डालें, तो पिछले सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिन चांदी के भाव में भारी गिरावट दर्ज की गई। 3 जुलाई को चांदी की कीमत 6.27% या 16,595 रुपये प्रति किलोग्राम टूट गई। पांच कारोबारी दिनों में चांदी का भाव 2,66,998 रुपये से घटकर 2,48,201 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया, यानी चांदी 18,797 रुपये प्रति किलोग्राम सस्ती हो गई।
अगर चांदी के उच्चतम स्तर से तुलना करें, तो हालिया गिरावट के बाद अब यह अपने उच्चतम स्तर से 2 लाख रुपये प्रति किलोग्राम से अधिक सस्ती मिल रही है। दरअसल, जनवरी 2026 में पहली बार चांदी का वायदा भाव 4 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के ऐतिहासिक स्तर को पार कर गया था और 4,57,328 रुपये प्रति किलोग्राम के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था। इस स्तर से अब 1 किलोग्राम चांदी 2,09,127 रुपये सस्ती मिल रही है।
सोने के भाव में तेज़ गिरावट
चांदी ही नहीं, MCX पर सोने के वायदा भाव में भी तेज़ गिरावट देखी गई। पिछले शुक्रवार को ही 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत 3,947 रुपये गिर गई, जो 2.47% की गिरावट थी। पिछले सप्ताह के पांच कारोबारी दिनों में सोने की कीमत 1,60,911 रुपये से घटकर 1,55,600 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई, यानी सोना 5,311 रुपये सस्ता हो गया।
चांदी की तरह, सोने की कीमतों की तुलना उसके उच्चतम स्तर से करें, तो 5 अगस्त की एक्सपायरी वाले सोने का भाव जनवरी में पहली बार 2 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर को पार कर गया था और 2,04,375 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया था। यहां से सोने की कीमत तेज़ी से फिसली और अब हालिया गिरावट के बाद 10 ग्राम सोना 48,775 रुपये सस्ता मिल रहा है।
घरेलू बाज़ार में सोने और चांदी की कीमतें
MCX के बाद अगर घरेलू बाज़ार में सोने और चांदी की कीमतों में आए बदलाव पर नज़र डालें, तो इंडियन बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) की वेबसाइट के अनुसार, 1 किलोग्राम चांदी की कीमत 2,63,250 रुपये से घटकर अब 2,56,908 रुपये हो गई है, यानी चांदी 6,342 रुपये प्रति किलोग्राम सस्ती हो गई है। वहीं, 24 कैरेट सोने की कीमत 1,55,536 रुपये से घटकर 1,54,238 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई है।
नोट: सोने, चांदी या गोल्ड-सिल्वर ईटीएफ में निवेश करने से पहले अपने बाज़ार विशेषज्ञ की सलाह अवश्य लें।

