प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों की जांच होगी
लखनऊ, । यूपी के डिग्री कॉलेजों में प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों के नाम पर विद्यार्थियों से धोखाधड़ी नहीं हो सकेगी। सभी प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों की मान्यता की जांच की जाएगी। विधि, इंजीनियरिंग, नर्सिंग व मैनेजमेंट पाठ्यक्रमों की मान्यता की फूलप्रूफ जांच कर ही कोर्स चलाने की संबद्धता विश्वविद्यालय दे सकेंगे। उच्च शिक्षा विभाग की ओर से सख्त निर्देश दिए गए हैं कि बिना मान्यता के प्रोफेशनल कोर्स में प्रवेश न दिया जाए। अभी डिग्री कॉलेज प्रोफेशनल कोर्स चलाने के लिए पहले तीन साल की अस्थायी मान्यता लेते हैं।
उन्हें विभिन्न नियामक प्राधिकरण इस शर्त पर की वह आगे मान्यता के मानक पूरे कर लेंगे अस्थायी मान्यता दे देते हैं। फिर डिग्री कॉलेज संसाधन, शिक्षक व अन्य मानकों को पूरा करने में समय लगाते हैं और अस्थायी मान्यता दिखा कर ही विद्यार्थियों के प्रवेश लेते रहते हैं।
छात्र मोटी फीस भरकर कोर्स में प्रवेश ले लेते हैं लेकिन कई बार उनकी डिग्री फंस जाती है। ऐसे में इस परिस्थिति से बचने के लिए सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। उप्र शिक्षक संघ के अध्यक्ष डा. मौलीन्दु मिश्रा कहते हैं कि कॉलेज मान्यता का खेल कर विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ न करें इसकी ठोस व्यवस्था की जाए।

