Primary Ka Master Latest Updates👇

Thursday, July 16, 2026

शिक्षिका पत्नी ने रिपोर्ट दर्ज कराई तो पति ने खाया जहर

 शिक्षिका पत्नी ने रिपोर्ट दर्ज कराई तो पति ने खाया जहर

कल्याणपुर, संवाददाता। कल्याणपुर में एक शिक्षिका ने पति, भाजपा नेता (ओबीसी मोर्चा कानपुर उत्तर के जिला अध्यक्ष) देवर समेत सात लोगों पर दहेज उत्पीड़न, घर में घुसकर मारपीट व जान से मारने की धमकी के आरोपों में रिपोर्ट दर्ज कराई तो आहत पति ने मंगलवार शाम को जहर खा लिया। उसे गंभीर हालत में हैलट में भर्ती कराया गया है।



आवास-विकास तीन महाबलीपुरम निवासी श्वेता कटियार कन्नौज के एक प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका है। श्वेता के मुताबिक 2010 में उनका विवाह नवाबगंज निवासी असीम कटियार से हुआ था। असीम वर्तमान में कानपुर देहात के एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात है। आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद ही असीम अतिरिक्त दहेज की मांग कर उसे प्रताड़ित करने लगा। श्वेता के मुताबिक वर्ष 2015 में शिक्षिका पद पर नौकरी लगी तो लोन लेकर महाबलीपुरम में अलग मकान बनवा लिया। अपनी मां को लाकर उनके साथ रहने लगी। इस बात पर पति विवाद करने लगा। दो जुलाई 2026 को पति असीम कटियार अपने भाई भाजपा नेता अनुभव कटियार, बुआ रेखा सचान, सत्यम चौहान व एक असलहाधारी समेत पांच-छह अज्ञात लोगों के साथ घर के बाहर पहुंचा। गाली-गलौज करते हुए गेट फांदकर घर में घुसने का प्रयास किया। बेटे और मां को जान से मारने की धमकी दी। वहीं, देवर अनुभव कटियार का कहना है कि सभी आरोप निराधार हैं। महाबलीपुरम का मकान बड़े भाई असीम ने ही पत्नी श्वेता के नाम खरीदा था। कुछ समय बाद श्वेता ने पति को ही घर से बाहर निकाल दिया। इसी को लेकर परिवार के सदस्य दोनों में समझौता कराने गए थे, लेकिन श्वेता ने परिवार के साथ अभद्रता की और झूठा मुकदमा दर्ज करा दिया। घटना से आहत बड़े भाई असीम ने घर के बाहर जहरीला पदार्थ खा लिया। कल्याणपुर इंस्पेक्टर केशव तिवारी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की थी। अब उसके पति के जहर खाने की सूचना आई है। मामले की जांच की जा रही है।




 जिलाध्यक्ष ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप


ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष अनुभव ने बताया कि घर से निकाले जाने के बाद भाई असीम व परिजनों ने मामले की शिकायत कई बार पुलिस से की थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। वहीं महिला द्वारा झूठे आरोप लगाए जाने पर पुलिस ने एकपक्षीय कार्रवाई करते हुए परिवार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।




मां- बेटे करते थे मारपीट


अनुभव के मुताबिक भाभी श्वेता 13 साल के बेटे के साथ मिलकर अक्सर भाई से मारपीट करती थी। कुछ दिनों पहले भतीजे ने भाई के सिर पर बोतल मारकर घायल कर दिया था। तब उसके भविष्य को देखते हुए भाई असीम ने कानूनी कार्रवाई नहीं की थी।

शिक्षिका पत्नी ने रिपोर्ट दर्ज कराई तो पति ने खाया जहर Rating: 4.5 Diposkan Oleh: UP UPDATEMART

Social media link