भोजन में कीड़े मिलने पर इंचार्ज प्रधानाध्यापिका निलंबित
लहरपुर। प्राथमिक विद्यालय खानपुर सादात में मध्याह्न भोजन में कीड़े मिलने के मामले में जांच रिपोर्ट के आधार पर बीएसए डॉ. गोरखनाथ पटेल ने बुधवार को प्रभारी प्रधानाध्यापिका अर्शिया को निलंबित कर दिया। वह निलंबन अवधि के दौरान प्राथमिक विद्यालय बिलरिया में अपनी दैनिक उपस्थिति दर्ज कराएंगी।
बीएसए ने बताया कि सोशल मीडिया पर स्कूल का एक वीडियो वायरल हुआ था। उसमें एमडीएम में कीड़े मिलने की बात कही गई। मामले की जांच में स्कूल की प्रभारी प्रधानाध्यापिका अर्शिया व सहायक अध्यापक रईस अहमद को मध्याह्न भोजन जैसी महत्वपूर्ण योजना के निर्वहन में लापरवाही बरतने का दोषी पाया गया।
जांच में सामने आया कि प्रभारी प्रधानाध्यापिका अर्शिया और रईस अहमद ने न तो स्वयं और न ही किसी अन्य जिम्मेदार अध्यापक से मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता की जांच कराई थी। दोनों शिक्षकों के बीच आपसी समन्वय का अभाव दिखा।
वहीं, संयुक्त टीम की जांच के दौरान छात्र-छात्राओं ने बताया कि 13 जुलाई को विद्यालय में मध्याह्न भोजन योजना के तहत परोसे गए भोजन में चींटियां और कीड़े मिले थे।

