शाहजहांपुर में शिक्षिका की मौत: पति को किया कॉल, कहा- मैं मर रही हूं; फिर जहर खाकर दे दी जान
शाहजहांपुर के चौक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला हयातपुरा निवासी शिक्षिका नैना आनंद (32 वर्ष) की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। जहरीला पदार्थ खाने से पहले उन्होंने पति को फोन कर कहा था कि वह मर रही हैं। हालांकि, उन्होंने पति को अपनी लोकेशन नहीं बताई। गंभीर हालत में नैना को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
नैना आनंद दून इंटरनेशनल स्कूल में सामाजिक अध्ययन की शिक्षिका थीं। करीब 11 साल पहले उनकी शादी मोहित आनंद से हुई थी। मोहित मसूरी इंटरनेशनल स्कूल में क्लर्क हैं। रविवार को वह किसी काम से बरेली गए थे। परिजनों के अनुसार, सुबह करीब 11 से 12 बजे के बीच नैना ने मोहित को फोन किया।
उपचार के दौरान तोड़ा दम
उन्होंने कहा कि वह मर रही हैं, लेकिन जगह नहीं बताई। मोहित ने परिजनों को सूचना दी। जिस पर नैना की तलाश शुरू की गई। काफी देर बाद वह कच्चा कटरा क्षेत्र में मिलीं। वह उल्टी कर रहीं थीं और हालत गंभीर थी। परिजन उन्हें तत्काल राजकीय मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
बरेली से पहुंचे पति मोहित और अन्य परिजन शव देखकर बिलख पड़े। नाते-रिश्तेदारों और परिचितों ने उन्हें संभाला। एसपी सिटी देवेंद्र कुमार ने बताया कि अस्पताल से मिले मेमो के आधार पर पोस्टमॉर्टम कराएंगे। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
अब दो बेटियों की जिम्मेदारी पिता पर
नैना की दोनों बेटियां भी दून इंटरनेशनल स्कूल में पढ़ती हैं। उनकी मौत के बाद बेटियों की जिम्मेदारी अब पिता मोहित पर आ गई है। परिवार में घटना के बाद से मातम है।
दोपहर में कोऑर्डिनेटर को दी थी जन्मदिन की बधाई
नैना पूर्व में डान एंड डोना कॉन्वेंट स्कूल में पढ़ाती थीं। इसके बाद करीब नौ साल तक तक्षशिला पब्लिक स्कूल में शिक्षण कार्य किया। वहां नौकरी छोड़ने के बाद अप्रैल में दून इंटरनेशनल स्कूल में शिक्षिका के रूप में कार्य शुरू किया था। सहकर्मियों के अनुसार, वह काफी मिलनसार थीं। रविवार दोपहर उन्होंने स्कूल की कोऑर्डिनेटर कोमल के जन्मदिन पर व्हाट्सएप स्टेटस लगाकर बधाई भी दी थी।
परिवार में कलह की बात आई सामने
नैना की मौत के बाद परिजनों ने घटना के संबंध में ज्यादा जानकारी नहीं दी। बताया जा रहा है कि परिवार की एक महिला से उनका विवाद चल रहा था और वह इससे परेशान रहती थीं। हालांकि, आत्मघाती कदम उठाने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

