राज्य कैबिनेट की बैठक आज, 21 से अधिक प्रस्तावों को
लखनऊ, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में राज्य कैबिनेट की बैठक मंगलवार को होगी। कैबिनेट के समक्ष 21 से अधिक प्रस्ताव रखे जाएंगे।
इनमें प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय, वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालय एवं संस्कृत विद्यालयों में कार्यरत शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के साथ ही बेसिक शिक्षा के सहायता प्राप्त जूनियर हाईस्कूल व वित्तविहीन में कार्यरत शिक्षणेत्तर कार्मिकों, समग्र शिक्षा परियोजना के तहत कार्यरत शिक्षणेत्तर कार्मिकों को कैशलेस इलाज की सुविधा का प्रस्ताव शामिल है। प्रदेश के 200 बेड वाले चार चिकित्सालयों को पीपीपी मोड पर संचालित कराए जाने का प्रस्ताव भी एजेंडे में है। उत्तर प्रदेश पंचायती राज सामान्य निवास अवधारणा नियमावली-2026 को लागू करने का प्रस्ताव भी रखा जाएगा ।
यूपी में बनेगा रोबोटिक्स पार्क
उत्तर प्रदेश अंतर्देशीय जलयान नियमावली-2026 को भी कैबिनेट में रखा जाएगा। उत्तर प्रदेश साइबर सिक्योरिटी ऑपरेशंस सेंटर की स्थापना आईआईटी कानपुर के माध्यम से कराए जाने के प्रस्तावों को भी स्वीकृति मिल सकती है। प्रदेश में रोबोटिक्स पार्क की स्थापना का भी प्रस्ताव है। इसके अलावा अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास, आवास एवं शहरी नियोजन, नगर विकास, औद्योगिक विकास, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग, परिवहन, न्याय, पशुधन, स्टांप रजिस्ट्रेशन, सहकारिता विभाग के प्रस्ताव एजेंडे में शामिल हैं।

