निर्देश: लंबी अवधि के गोल्ड लोन पर हर महीने ब्याज भरना होगा, सोने की गिरती कीमत से इसलिए चिंतित है आरबीआई
सोने की कीमतों में आई तेज गिरावट और गोल्ड लोन पर बढ़ते जोखिम को देखते हुए आरबीआई ने नए निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों (एनबीएफसी) से कहा गया है कि एक साल से अधिक अवधि वाले गोल्ड लोन में ग्राहकों से ब्याज का भुगतान मासिक आधार पर कराया जाए। मामले से जुड़े सूत्रों ने यह जानकारी दी।
अभी ऐसे कर्ज की पूरी अवधि समाप्त होने पर मूलधन और ब्याज का एकमुश्त भुगतान करने का विकल्प मिलता है, जिसे बुलेट रीपेमेंट भी कहा जाता है। आरबीआई चाहता है कि हाल के दिनों में सोने की कीमतों में आए तेज उतार चढ़ाव को देखते हुए इस व्यवस्था को अभी टाला जाए। केंद्रीय बैंक ने इन गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों को सोने के बदले कर्ज देने में ज्यादा सावधानी बरतने को भी कहा है। इस मामले में केंद्रीय बैंक ने हाल ही में एनबीएफसी, हाउसिंग फाइनेंस कंपनियों और माइक्रोफाइनेंस संस्थाओं के साथ अहम बैठक की थी, जिसमें ये निर्देश जारी किए गए।
इस बदलाव से उन ग्राहकों पर सीधा असर पड़ेगा, जो लंबे समय के गोल्ड लोन लेते हैं और अवधि के अंत में एक साथ रकम चुकाने का विकल्प चुनते हैं। एक साल से अधिक की अवधि वाले कर्जों में मासिक ब्याज भुगतान की व्यवस्था लागू होने से ग्राहकों को हर महीने ब्याज के लिए अलग से इंतजाम करना होगा। वहीं, एकमुश्त बड़े भुगतान का दबाव कम हो सकता है।
बताया जा रहा है कि ऊंचे भाव के दौर में जिन ग्राहकों ने सोना गिरवी रखकर लोन लिया था, कीमतें गिरने के बाद उनके व्यवहार में बदलाव देखा जा रहा है। इससे फाइनेंस कंपनियों के सामने वसूली और ब्याज नियमित कराने की नई चुनौती खड़ी हो गई है। कई ग्राहक नियमित किस्त जमा करने में ढिलाई बरत रहे हैं। इसे देखते हुए गोल्ड लोन कंपनियां सक्रिय हो गई हैं। कंपनियां फोन और संदेशों के जरिए ग्राहकों से संपर्क कर किस्त जमा करने को कह रही हैं।
सोने की गिरती कीमत से इसलिए चिंतित है आरबीआई
एलटीवी का मतलब है कि गिरवी रखे सोने की कीमत के मुकाबले ग्राहक ने कितना कर्ज लिया है। उदाहरण के लिए, अगर किसी ग्राहक ने एक लाख रुपये मूल्य का सोना गिरवी रखकर 75,000 रुपये का कर्ज लिया है, तो शुरुआती एलटीवी 75 फीसदी होगा। यदि सोने का मूल्य 10 फीसदी गिरकर 90,000 रुपये रह जाता है और कर्ज की बकाया राशि 75,000 रुपये ही रहती है, तो एलटीवी बढ़कर 83.33 फीसदी हो जाएगा। इससे ऋणदाता के लिए गिरवी रखे सोने की सुरक्षा का मार्जिन कम होता जाता है। अगर ग्राहक कर्ज नहीं चुका पाता और गिरवी रखा सोना नीलाम करना पड़ता है तो बहुत अधिक एलटीवी की स्थिति में सोने की बिक्री से पूरी बकाया राशि वसूल करना मुश्किल हो सकता है। इससे गोल्ड लोन कंपनियों के लिए जोखिम बढ़ जाता है।

