वाराणसी। लाल ईंटों से बनी इमारत, उस पर सफेद पट्टीदार पेंट...। बड़ागांव ब्लॉक बीआरसी स्थित कंपोजिट विद्यालय बड़ागांव (COMPOSITE SCHOOL BARAGAON 1916) में अंग्रेजों के शासनकाल में था। अब इस इमारत के दिन भी बहुरेंगे, यहां पढ़ने वाले बच्चों को जल्द ही नई बिल्डिंग की सौगात मिल जाएगी।
इस विद्यालय में 750 बच्चों को शिक्षा देने के लिए एक हेडमास्टर, दो शिक्षामित्र व एक अनुदेशक है। इस विद्यालय के कायाकल्प का मुद्दा पिंडरा विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने प्राक्कलन समिति के सामने उठाया था। जिसके बाद इसके कायाकल्प को मंजूरी मिल गई है। जल्द ही यहां के बच्चों को नए कमरे में शिफ्ट किया जाएगा। विद्यालय को संवारने के लिए शासन से 33 लाख रुपये का बजट अवमुक्त हुआ है। इमारत के जीर्णोद्धार के साथ ही अन्य सुविधाएं भी दी जाएंगी। विद्यालय को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित किया जाएगा जिसमें खेल मैदान, अत्याधुनिक कंप्यूटर लैब पुस्तकालय कक्ष, सांस्कृतिक कक्ष, स्मार्ट
क्लासरूम, स्मार्ट फर्नीचर, प्रोजेक्टर, खेल उपकरण, स्मार्ट किचन, दिव्यांग शौचालय, किचन गार्डन की सुविधा मिलेगी। संवाद

