स्कूल में सफाई कर रहे बच्चों में का वीडियो बनाने पर हंगामा
सिराथू ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय कैनी का एक शिक्षक सोमवार को बच्चों से स्कूल में झाडू लगवा रहा था। इसका वीडियो बनाने पर शिक्षक भड़क गया और मोबाइल छीन लिया। अभद्रता की। जानकारी होने पर हंगामा हुआ तो संघ के पदाधिकारी पहुंचे। किसी तरह मामला शांत कराया। एसडीआई ने प्रकरण की जांच शुरू करा दी है।
प्राथमिक विद्यालय कैनी में सोमवार की सुबह स्कूल आए छात्र झाडू लगा रहे थे। शिक्षक वहां पर मौजूद था और बच्चों को हिदायत दे रहा था कि कहां-कहां झाडू लगाना है और कैसे सफाई करनी है। इसका एक युवक ने वीडियो बनाना शुरू कर दिया। शिक्षक की नजर पड़ी तो उसके होश उड़ गए। शिक्षक ने वीडियो बना रहे युवक से उसका मोबाइल छीन लिया। अभद्रता की। इस दौरान जमकर हंगामा हुआ पुलिस भी पहुंची। संघ के पदाधिकारी पहुंचे तो उन्होंने दोनों पक्षों की बात सुनी। हालांकि ब्लॉक स्तरीय पदाधिकारियों ने संघ का हवाला देते हुए दबाव बनाने के लिए हड़ताल करने की बात कही, लेकिन वीडियो देखने के बाद उनके भी होश उड़ गए। किसी तरह मामला शांत हुआ। इस पूरे मामले की जानकारी के बाद एसडीआई सिराथू ने जांच शुरू कराई है।
