सगरासुंदरपुर टायर फटने के कारण अनियंत्रित स्कूटी पलटने से प्राइवेट स्कूल का शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल पहुंचने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मृतक स्कूटी पर लिफ्ट मांगकर घर जा रहा था शिक्षक की मौत की जानकारी होने के बाद स्कूटी चालक भाग निकला।
सांगीपुर थाना क्षेत्र के बासुपुर पहाड़पुर निवासी राहुल सरोज (30) घुइसरनाथधाम इलाके के एक प्राइवेट स्कूल में शिक्षक था शनिवार को वह रिश्तेदार के घर लक्ष्मीगंज जाने के लिए निकला। लालगंज कोतवाली के सगरासुंदरपुर बाजार में राहुल ने एक स्कूटी चालक से लिफ्ट मांगी वह स्कूटी पर बैठकर लक्ष्मणपुर की ओर जाने लगा। पतुलकी के समीप टायर फटने से स्कूटी अनियंत्रित होकर पलट गई। इससे राहुल के सिर में गंभीर चोटें आई। आननफानन में स्कूटी चला रहा युवक एंबुलेंस से उसे लक्ष्मणुपर सीएचसी ले गया। यहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसकी जानकारी होने के बाद अज्ञात स्कूटी सवार युवक भाग निकला। बाद में मृतक के भाई पंकज ने हादसे की तहरीर लालगंज पुलिस को दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
