शिक्षक के घर से 15 लाख के जेवर चोरी:हरदोई में चोर छत की ग्रिल तोड़कर घुसे, तीन घंटे तक रहे अंदर
हरदोई शहर के आवास विकास कॉलोनी में एक शिक्षक के बंद मकान से लाखों रुपये के जेवर चोरी हो गए। चोरों ने रविवार देर रात छत की ग्रिल तोड़कर घर में प्रवेश किया और करीब तीन घंटे तक घर के सामान को तहस-नहस किया। दंपति के सोमवार सुबह घर लौटने पर चोरी का पता चला, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
आवास विकास कॉलोनी के बी-ब्लॉक निवासी सर्वेश पाठक एक निजी स्कूल में शिक्षक हैं। वह अपनी पत्नी अंजू के साथ रहते हैं। उनका बेटा आयुष पाठक दिल्ली में बीटेक की पढ़ाई कर रहा है। सर्वेश ने बताया कि अंजू अयोध्या में अपने बीमार पिता साधक प्रसाद को देखने गई थीं। डेढ़ माह से वहीं थीं। सर्वेश खुद रविवार को अयोध्या गए थे, जिसके कारण मकान बंद था।
सोमवार को सर्वेश ट्रेन से करीब साढ़े नौ बजे वापस लौटे। घर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि मुख्य गेट अंदर से बंद था। पड़ोसियों की मदद से एक बढ़ई को बुलाया गया, जिसने पड़ोस के कमरे के दरवाजे की ऊपर की ग्रिल हटाई, जिसके बाद वे घर में दाखिल हो सके। अंदर का नजारा देख उनके होश उड़ गए; सभी कमरों का सामान बिखरा पड़ा था। तलाशी लेने पर स्टडी टेबल के अंदर रखे करीब 15 लाख रुपये के जेवर गायब मिले।
डीवीआर में कोई रिकॉर्डिंग नहीं मिली
पुलिस ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, लेकिन उनके डीवीआर में कोई रिकॉर्डिंग नहीं मिली। पुलिस ने आसपास के घरों में लगे कैमरों की फुटेज खंगाली। एक फुटेज में एक युवक को रात 12:35 बजे शिक्षक के घर में घुसते और करीब 3:30 बजे वापस आते देखा गया। आरोपी लगभग 2 घंटे 55 मिनट तक घर के अंदर रहा। चोर ने कीचन में दालों के कंटेनरों को भी गिराकर फैला दिया था।
शिक्षक ने बताया कि चोरी के डर से उन्होंने जेवरों को कमरे में स्टडी टेबल के अंदर रखा था। चोरी हुए जेवरों में एक जोड़ी झुमका, एक बड़ा मंगलसूत्र, दो छोटे मंगलसूत्र, कान के बाला, सुई-धागा, मांग टीका, नथ और पायल शामिल हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 15 लाख बताई। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया मामले की जांच की जा रही है।

