माध्यमिक शिक्षा में 33 हजार से अधिक शिक्षकों की हुई नियुक्ति
लखनऊ। प्रदेश सरकार ने माध्यमिक शिक्षा में लंबे समय से चली आ रही शिक्षकों की कमी को दूर किया है। 2017 से पहले माध्यमिक शिक्षा में भर्ती प्रक्रिया लगभग ठप होने से शिक्षकों के काफी पद खाली थे। 2017 में प्रदेश सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को मिशन मोड में आगे बढ़ाया। साथ ही 33401 पदों पर शिक्षकों की तैनाती कर शिक्षकों की कमी दूर की।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड के अनुसार अप्रैल 2017 से वर्ष 2022 तक प्रधानाचार्यों के 783, प्रवक्ता के 5321 तथा प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) के 27297 पदों पर चयन प्रक्रिया पूरी की गई। इस प्रकार कुल 33401 पदों पर भर्ती की गई है। इससे विद्यालयों में शिक्षकों की कमी को दूर करने के साथ ही शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में काफी सहयोग मिला है।
अप्रैल 2017 के बाद चयन कर विद्यालयों में दूर की शिक्षकों की कमी 27297 टीजीटी, 5321 प्रवक्ता और 783 प्रधानाचार्यों की हुई भर्ती
पूर्व में भर्ती प्रक्रिया प्रभावित रहने से माध्यमिक विद्यालयों में विषय विशेषज्ञ शिक्षकों की कमी एक बड़ी चुनौती बनी थी। इसका असर विद्यार्थियों की पढ़ाई और शिक्षा की गुणवत्ता पर पड़ रहा था। सरकार ने शिक्षा सुधार को एजेंडे का हिस्सा बनाते हुए खाली पदों को भरने के लिए ठोस कदम उठाए। इससे हजारों युवाओं को रोजगार के अवसर भी मिले। विद्यालयों में शैक्षणिक नेतृत्व भी मजबूत हुआ है। ब्यूरो

