प्रयागराज। प्रो. राजेन्द्र सिंह (रज्जू भय्या) विश्वविद्यालय में वर्ष 2027-28 के शैक्षणिक सत्र से बीपीएड, एमपीएड, चार वर्षीय बीएससी-बीएड और बीए-बीएड पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। इसकी घोषणा कुलपति प्रो. अखिलेश कुमार सिंह ने दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय की प्रगति आख्या प्रस्तुत करते हुए की। उन्होंने बताया कि इन पाठ्यक्रमों के संचालन की सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक गुणवत्ता, शोध, नवाचार, डिजिटलीकरण और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। नई शिक्षा नीति के अनुरूप विद्यार्थियों को कौशल आधारित शिक्षा और रोजगारपरक अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से कौशल विकास, उद्यमिता और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय का लक्ष्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ शोध और नवाचार को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है। समारोह में कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, कुलसचिव प्रो. विनीता यादव उपस्थित रहे।
